विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Air India की फ्लाइट में खौफ के वो 2 मिनट..., 'मौत को छूकर लौटने' से कम नहीं; 300 फीट नीचे गिरा प्लेन

Published: Tue, 04 Aug 2026 07:38 PM (IST)Updated: Tue, 04 Aug 2026 08:23 PM (IST)

फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI2379 में अचानक भीषण टर्बुलेंस के कारण 11 यात्री और 4 ...और पढ़ें

एअर इंडिया के विमान में टर्बुलेंस के दौरान वीडियो के स्क्रीनशॉट। फोटो: वीडियाे ग्रैब

एअर इंडिया के विमान में टर्बुलेंस के दौरान वीडियो के स्क्रीनशॉट। फोटो: वीडियाे ग्रैब

HighLights

  1. फुकेत-दिल्ली की उड़ान में अचानक आया टर्बुलेंस

  2. घटना में 11 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हुए

  3. पायलटों ने विमान को दिल्ली में सुरक्षित लैंड कराया।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। सिर्फ दो मिनट... लेकिन फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में सवार 134 यात्रियों के लिए यह समय मौत को महसूस करने से कम नहीं था।

आसमान में अचानक विमान बुरी तरह डगमगाने लगा, एअरबस A320 पलभर में करीब 300 फीट नीचे आ गया, और तेज झटकों के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर केबिन की छत और आसपास के हिस्सों से जा टकराए।

देखते ही देखते विमान के अंदर चीख-पुकार मच गई। इस घटना में 11 यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हो गए। हालांकि, पायलटों की सूझबूझ से विमान को संभाल लिया गया और सुबह करीब 11 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।

डेढ़ घंटे बाद अचानक बदला माहौल

उड़ान संख्या AI2379 ने सुबह 8:41 बजे थाइलैंड के फुकेत से 134 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद, जब अधिकांश यात्री आराम कर रहे थे या सो रहे थे।

तभी क्रूज चरण के दौरान विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। यात्रियों के अनुसार, करीब दो  मिनट तक विमान बुरी तरह हिलता-डुलता रहा। झटके इतने तेज थे कि केबिन की सीलिंग तक को नुकसान पहुंच गया।

'लोग सीटों से उछलकर छत से जा टकराए'

यात्रियों ने उस भयावह पल को याद करते हुए बताया कि बिना सीट बेल्ट लगाए बैठे कई लोग अपनी सीटों से उछलकर सीधे विमान की छत और गलियारे में जा गिरे।

इटली से आई एक महिला यात्री ने बताया कि उनकी बहन झटके के दौरान सीट से उछलकर ऊपर जा टकराई, जबकि उनकी मां के सिर में गंभीर चोट लगी।

एक अन्य यात्री ने बताया कि अचानक हुए दबाव परिवर्तन और जोरदार झटकों के कारण उनके भाई के कान का पर्दा फट गया। कई यात्रियों की गर्दन, सिर, पीठ और कंधों में चोटें आईं। कुछ लोगों का कंधा तक खिसक गया।

लैंडिंग के बाद तुरंत अस्पताल पहुंचाए गए घायल

दिल्ली पहुंचते ही एअरपोर्ट पर मेडिकल टीम पहले से तैयार थी। घायलों को एंबुलेंस और एअरपोर्ट मेडिकल सेंटर की मदद से विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया।

तीन यात्रियों और चार क्रू मेंबर्स को वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल, दो यात्रियों को स्पाइनल इंज्यूरी सेंटर और छह यात्रियों को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फोर्टिस अस्पताल के अनुसार, घायलों को स्थिर करने के बाद उनके सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे सहित अन्य जांच कराई गईं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

एअर इंडिया ने क्या कहा?

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान में क्रूज चरण के दौरान क्षणिक टर्बुलेंस आया था, जिससे विमान की ऊंचाई में अस्थायी बदलाव हुआ।

एरलाइन के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली उतर गया और सभी यात्रियों तथा चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार तथा मेडिकल जांच उपलब्ध कराई जा रही है। एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अब जांच करेगी DGCA

घटना को गंभीरता से लेते हुए विमानन नियामक संस्था DGCA ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह घटना केवल टर्बुलेंस का परिणाम थी या इसके पीछे विमान में आई किसी क्षणिक तकनीकी खराबी की भी भूमिका थी।

सूत्रों के अनुसार, पायलट ने अपनी रिपोर्ट में एक केबिन क्रू सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने और विमान के अचानक करीब 300 फीट एल्टिट्यूड लॉस की जानकारी दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें- एअर टर्बुलेंस से हवा में 300 फीट नीचे आया एअर इंडिया का विमान, चीख-पुकार के बीच 10 यात्री समेत 14 लोग घायल

यह भी पढ़ें- एअर इंडिया के विमान में भयानक टर्बुलेंस से 14 घायल, आसमान में अचानक क्‍यों हिलने लगते हैं विमान; कब-कब हुए हादसे?