पहले क्रू को फटकार, फुकेट में पार्टी फिर गांजा पीकर उड़ाया प्लेन; एअर इंडिया के पायलट पर उठे गंभीर सवाल
एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान में टर्बुलेंस के दौरान मुख्य पायलट कॉकपिट के फर्श पर पड़े मिले, जिसके बाद सह-पायलट ने विमान को सुरक्षित लैंड कराया।
--1786535783109_m.webp)
एयर इंडिया के पायलट में फुकेट में की थी पार्टी। फोटो: आर्काइव
HighLights
उड़ान के दौरान मुख्य पायलट कॉकपिट में फर्श पर मिले
सह-पायलट ने 300 फीट नीचे गिरे विमान को संभाला
पायलट के नशे में होने की शिकायतें, जांच जारी
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई-2379) में 300 फीट नीचे गिरने की घटना के बाद अब सिर्फ टर्बुलेंस ही चर्चा में नहीं है।
जांच से जुड़ी जानकारी में उड़ान के मुख्य पायलट के व्यवहार को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, पायलट के व्यवहार को लेकर क्रू सदस्यों ने एअर इंडिया प्रबंधन से शिकायत की है।
यात्रियों ने भी लैंडिंग के बाद पायलट के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए थे। घटनाक्रम को समझें तो दिल्ली से फुकेट की उड़ान से शुरू हुआ मामला वापसी की उड़ान में और गंभीर सवालों तक पहुंच गया।
पहले क्रू मेंबर को फटकार, फिर पार्टी में मनाने की कोशिश
घटनाक्रम की शुरुआत दिल्ली से फुकेट की उड़ान के दौरान हुई थी। पायलट सीट प्रोटोकाल को लेकर पायलट ने एक केबिन क्रू सदस्य को फटकार लगाई थी।
इसके बाद फुकेट में लेओवर के दौरान मनमुटाव मिटाने के लिए पायलट क्रू को पार्टी में ले गया था। वापसी की उड़ान में घबराए क्रू मेंबर ने कॉकपिट से दूर पीछे ड्यूटी ली थी।
वापसी की उड़ान में पायलट के व्यवहार की क्रू ने की शिकायत
सूत्रों का कहना है कि उड़ान के दौरान पायलट-इन-कमांड का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना और असामान्य था तथा वे मानसिक रूप से विमान संभालने की स्थिति में नहीं थे। इसी को लेकर क्रू सदस्यों ने एअर इंडिया प्रबंधन से शिकायत की है।
यात्रियों द्वारा विमान की लैंडिंग के बाद पायलट के व्यवहार को लेकर की गई शिकायत भी इसी ओर इशारा करती है। यात्रियों ने पायलट के नशे में होने की आशंका पूरे यकीन के साथ जताई थी।
क्रू ने उड़ान से पहले पायलट के गांजा पीने की शिकायत की थी
सूत्रों के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि केबिन क्रू के एक सदस्य ने पायलट के खिलाफ उड़ान से पहले गांजा पीने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पायलट ने किसी भी नशीले पदार्थ के सेवन से इनकार किया है।
300 फीट नीचे गिरा विमान, कॉकपिट में फर्श पर पड़े थे पायलट
इसी बीच फुकेट से दिल्ली लौट रही उड़ान में अचानक आटो-पायलट बंद हुआ और विमान 300 फीट नीचे गिरा। तब मुख्य पायलट (पायलट-इन-कमांड) कॉकपिट के फर्श पर पड़े हुए थे।
हालांकि, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि वे झटके के कारण गिरे थे या अपनी शारीरिक अक्षमता के कारण। इस गंभीर स्थिति में सह-पायलट ने अकेले ही कमान संभाली और विमान को सुरक्षित दिल्ली में लैंड कराया।
लैंडिंग के बाद भी सामने आया पायलट के व्यवहार का मामला
सूत्रों की मानें तो लैंडिंग के बाद पायलट ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) के जांच अधिकारी को यूरीन सैंपल जमा कराने के दौरान उन्हें शारीरिक रूप से सहारा देकर बिठाना पड़ा।
वहीं, विमान के टर्बुलेंस से उबरने और नई दिल्ली की उड़ान पर होने के बाद मुख्य पायलट ने केबिन में जाकर घायलों का हालचाल पूछा था और यात्रियों से घटना की रिकाॅर्डिंग न करने की अपील की थी।
लैंडिंग के तुरंत बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। फिलहाल डीजीसीए और एएआईबी मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपित पायलट को डी-रोस्टर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- एअर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस मामले में बड़ा खुलासा, कॉकपिट के फर्श पर पड़ा मिला था पायलट
यह भी पढ़ें- गांजा पीकर विमान उड़ा रहा था फुकेट-दिल्ली फ्लाइट का पायलट, दूसरे टेस्ट में पुष्टि; फिर सवालों में एअर इंडिया
