AI समिट प्रदर्शन मामले में नई गिरफ्तारियां: क्राइम ब्रांच ने IYC के तीन और कार्यकर्ता दबोचे, कुल 14 आरोपी पकड़े
भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के मामले में क्राइम ब्रांच ने भारतीय यूथ कांग्रेस ...और पढ़ें

दिव्यांश गिरधर और कुबीर मीणा पर बीते 20 फरवरी को भारत मंडपम में प्रदर्शन के दौरान मौजूद होने का आरोप है जबकि भुवदेव साजिश करने वालों में शामिल था।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने भारतीय यूथ कांग्रेस के तीन और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान दिल्ली के दिव्यांश गिरधर, राजस्थान के कुबीर मीणा और मध्य प्रदेश के भुवदेव शर्मा के तौर पर हुई है। दिव्यांश गिरधर और कुबीर मीणा पर बीते 20 फरवरी को भारत मंडपम में प्रदर्शन के दौरान मौजूद होने का आरोप है जबकि भुवदेव साजिश करने वालों में शामिल था।
कुल 14 आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार
इनसे पहले बुधवार को स्पेशल सेल ने हिमाचल प्रदेश के शिमला से तीन कार्यकर्ता अरबाज़ अहमद खान, सौरभ सिंह और सिद्धार्थ अवधूत को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में कुल 14 आरोपितों को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान भारत मंडपम में मौजूद तकरीबन सभी कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब इस मामले में साजिश रचने में शामिल अन्य आरोपितों के बारे में क्राइम ब्रांच पता लगा रही है।
गिरफ्तार आराेपितों से पूछताछ में जिनकी संलिप्तता का पता लग रहा है उनके बारे में साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करेगी।
ट्रांजिट रिमांड लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती
उधर, शिमला में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम को गिरफ्तार तीन आरोपितों को दिल्ली लाने से रोकने के मामले में दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज करने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि रोहड़ू के रिजार्ट में ठहरे तीनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद शिमला पुलिस अगर स्पेशल सेल की टीम को दिल्ली लाने से नहीं रोकती तब सेल की टीम को शिमला के एसीजेएम कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
दिल्ली पुलिस शिमला नहीं जाएगी
स्पेशल सेल के एसीपी राहुल विक्रम सिंह की टीम को शिमला पुलिस करीब 20 घंटे तक दिल्ली आने से रोकती रही, जिस कारण सेल को वहीं के कोर्ट में आरोपितों का ट्रांजिट रिमांड लेना पड़ा और रास्ते में अंबाला के एक सरकारी अस्पताल में आरोपितों का मेडिकल भी करवाना पड़ा।
शिमला पुलिस द्वारा स्पेशल सेल की टीम के खिलाफ केस दर्ज करने के मामले में दिल्ली पुलिस के अधिकारी का कहना है कि शिमला पुलिस स्वत: ही केस को वहां के हाई कोर्ट से रद कराएगी। इसके लिए दिल्ली पुलिस शिमला नहीं जाएगी।
