विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत में फार्मिंग का भविष्य बदलेगा Agrivoltaics! अब खेतों में अनाज के साथ बनेगी बिजली, होगी डबल कमाई

Published: Wed, 01 Jul 2026 05:25 AM (IST)

टेरी और ईटीसी की रिपोर्ट के अनुसार, एग्रीवोल्टाइक्स भारत की ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के लिए एक गेम-चेंजर समाधान है। यह तकनीक एक ही भूमि पर खेती और सौर ऊर्जा उत्पादन कर 2050 तक देश की बिजली मांग से चार गुना अधिक उत्पादन कर सकती है, साथ ही किसानों की आय बढ़ाएगी और पानी बचाएगी।

खेतों में सोलर पैनल लगाकर जीवाश्म ईंधन पर कम होगी निर्भरता। (AI Generated Image)

खेतों में सोलर पैनल लगाकर जीवाश्म ईंधन पर कम होगी निर्भरता। (AI Generated Image)

HighLights

  1. एग्री-पीवी से एक ही भूमि पर खेती और सौर ऊर्जा उत्पादन।

  2. भारत की 2050 की बिजली मांग का चार गुना उत्पादन संभव।

  3. किसानों की आय दोगुनी होगी, पानी की 50% बचत।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में जीवाश्म ईंधन (कच्चे तेल और कोयले) की अस्थिर कीमतों और भूमि अधिग्रहण की बढ़ती चुनौतियों के बीच दिल्ली सहित एनसीआर और भारत के लिए एक राहत भरी खबर है।

''द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट'' (टेरी) व एनर्जी ट्रांजिशन कमीशन (ईटीसी) द्वारा सोमवार को जारी की गई दो दो नई रिपोर्टस में ''एग्रीवोल्टाइक्स'' (एग्री पीवी) को भारत की ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के लिए एक गेम-चेंजर समाधान के रूप में पेश किया गया है।

एग्री-पीवी का मतलब एक ही भूमि पर एक साथ खेती करना और सौर ऊर्जा का उत्पादन करना है।

स्पेन के बराबर जमीन पर लग सकते सोलर पैनल

रिपोर्ट के आंकड़े चौंकाने वाले और उम्मीद जगाने वाले हैं। विश्लेषण के मुताबिक, भारत में लगभग 75 लाख हेक्टेयर खेती योग्य भूमि (जो देश के कुल क्षेत्रफल का लगभग 14 प्रतिशत है और आकार में पूरे स्पेन देश के बराबर है) तकनीकी रूप से एग्री-पीवी के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।

अगर इस क्षमता का सही ढंग से उपयोग किया जाए, तो इससे 20,000 टेरावाट-घंटे बिजली पैदा की जा सकती है। यह आंकड़ा साल 2050 तक देश की अनुमानित कुल बिजली मांग 5,250 टेरावाट घंटे से लगभग चार गुना अधिक है।

पानी की 50 प्रतिशत तक बचत और किसानों की दोगुनी चांदी

पायलट प्रोजेक्ट से सामने आया है कि इस तकनीक से फसलों में 30 से 50 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। भारत जैसे देश के लिए यह एक बड़ा वरदान है, जहां कुल ताजे पानी का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा अकेले कृषि क्षेत्र में खपत होता है।

सोलर पैनल की छांव से फसलों का अत्यधिक गर्मी और लू से भी बचाव होता है।

विशेषज्ञों की राय : वैश्विक झटकों से मिलेगी मुक्ति

ईटीसी की निदेशक इटा केटलबोरो कहती हैं, 'एग्री-पीवी बड़े पैमाने पर स्वच्छ बिजली, किसानों की मजबूत आय और संवेदनशील पर्यावरण की सुरक्षा का पर्याय है। यह समुदायों को अत्यधिक गर्मी और पानी के संकट से बचाते हुए ऐसी ऊर्जा सुरक्षा देता है जिसे कोई भी वैश्विक भू-राजनीतिक झटका हिला नहीं सकता।'

वहीं टेरी की महानिदेशक डा विभा धवन ने कहा, 'एग्री-पीवी हमें जमीन के लिए ऊर्जा और कृषि के बीच जारी पारंपरिक टकराव या प्रतिस्पर्धा से बाहर निकलने का मौका देता है। अब दोनों एक ही जमीन पर शांति से सह-अस्तित्व में रह सकते हैं।'

एग्री-पीवी से होने वाले पांच मुख्य लाभ

-जमीन के संकट का अंत : ऊर्जा और भोजन के उत्पादन के लिए अलग-अलग जमीन की लड़ाई खत्म होगी।

-मजबूत ऊर्जा सुरक्षा : विदेशी ईंधन और महंगे आयात पर निर्भरता खत्म होगी, जिससे देश आत्मनिर्भर बनेगा।

-किसानों को अतिरिक्त आय : फसल के साथ-साथ बिजली बेचने या लीज से ग्रामीण समुदायों को नियमित और स्थिर कमाई होगी।

-जलवायु परिवर्तन से सुरक्षा : भीषण गर्मी और सूखे के प्रभाव को कम करके यह फसलों के लिए रक्षा कवच का काम करता है।

-स्थानीय बिजली ग्रिड : गांवों में ही बिजली बनने से ट्रांसमिशन का खर्च बचेगा और बिजली की कटौती से निजात मिलेगी।

यह भी पढ़ें- जुलाई के अंत तक बंगाल के अशोकनगर की धरती से निकलने लगेगा कच्चा तेल, सात कुओं की हो चुकी है खुदाई 

यह भी पढ़ें- कच्चा तेल सस्ता तो ऑटो शेयरों ने पकड़ी रफ्तार, 4% तक उछले स्टॉक्स; Maruti से लेकर M&M में तूफानी तेजी




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।