विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जुलाई के अंत तक बंगाल के अशोकनगर की धरती से निकलने लगेगा कच्चा तेल, सात कुओं की जा चुकी है खुदाई  

Published: Mon, 29 Jun 2026 07:57 PM (IST)

ओएनजीसी की अशोकनगर परियोजना से जुलाई के अंत तक वाणिज्यिक रूप से कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन शुरू होने की संभावना है। 

कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन शुरू होने की पूरी संभावना।          (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन शुरू होने की पूरी संभावना। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. जुलाई अंत तक अशोकनगर से वाणिज्यिक तेल उत्पादन शुरू होगा।

  2. ओएनजीसी ने परियोजना में लगभग 1,000 करोड़ रुपये निवेश किए।

  3. निकलने वाला तेल हल्दिया रिफाइनरी में भेजा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के औद्योगिक इतिहास में जुलाई का महीना एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने जा रहा है। उत्तर 24 परगना के अशोकनगर (बाइगाछी) स्थित ओएनजीसी परियोजना से आगामी जुलाई के अंत तक वाणिज्यिक रूप से कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन शुरू होने की पूरी संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल बंगाल की सूरत बदलेगी, बल्कि देश के ऊर्जा मानचित्र पर भी राज्य को एक विशिष्ट स्थान दिलाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने इसे राज्य की नई व्यवस्था में उद्योग और रोजगार का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है।

अशोकनगर में अब तक कुल सात कूपों (कुओं) की खुदाई की जा चुकी है। पहले चरण में जुलाई के अंत तक बाइगाछी केंद्र के एक कूप से तेल निकालने का लक्ष्य है। इसके अलावा भुरकुंडा और दौलतपुर जैसे नजदीकी इलाकों में भी युद्धस्तर पर काम चल रहा है।

इस पूरी महत्वाकांक्षी परियोजना में ओएनजीसी अब तक लगभग 1,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। यहां से निकलने वाले कच्चे तेल को रिफाइनिंग के लिए इंडियन ऑयल के हलदिया रिफाइनरी में भेजा जाएगा। वर्तमान में जमीन से लगभग 2,450 मीटर नीचे तक ड्रिलिंग का काम चल रहा है, जिसमें से 2,006 मीटर से अधिक का काम पूरा हो चुका है।

साल 2018 में पहली बार यहां तेल और गैस के विशाल भंडार का पता चला था। 2020 के परीक्षण में पाया गया कि यहां के तेल की 'एपीआई ग्रेविटी' 40-41 है, जो देश के सबसे बड़े तेल क्षेत्र 'बॉम्बे हाई' के समान या कुछ मामलों में उससे भी बेहतर है।

शमिक भट्टाचार्य के अनुसार, राज्य सरकार की मंजूरियों में देरी के कारण यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी, लेकिन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ लगातार समन्वय के बाद अब इसमें तेजी आई है। इस परियोजना से राज्य को भारी राजस्व मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे का कायाकल्प होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।