विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AC में आग और ब्लास्ट से कैसे बचें: स्प्लिट या विंडो, कौन सा ज्यादा खतरनाक?

Published: Sun, 03 May 2026 12:15 PM (IST)Updated: Sun, 03 May 2026 12:57 PM (IST)

एसी में आग लगने या धमाके का कारण स्प्लिट या विंडो एसी नहीं, बल्कि खराब वायरिंग, गलत इंस्टॉलेशन और रखरखाव की कमी है।

गर्मियों में बढ़ जाती हैं एसी ब्लास्ट की घटनाएं। (फाइल फोटो)

गर्मियों में बढ़ जाती हैं एसी ब्लास्ट की घटनाएं। (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी समेत देश के कई हिस्सों में एसी से जुड़ी आग और 'ब्लास्ट जैसे' हादसों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इन घटनाओं के पीछे एसी का प्रकार नहीं, बल्कि खराब वायरिंग, गलत इंस्टालेशन और समय पर रखरखाव न होना मुख्य कारण है।

एसी इंस्टालेशन एक्सपर्ट कृष्णन कुमार ने बताया कि स्प्लिट या विंडो एसी में से किसी एक को सीधे जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। हालांकि, व्यवहारिक तौर पर स्प्लिट एसी से जुड़े हादसे अधिक देखने को मिलते हैं क्योंकि इसमें इंडोर और आउटडोर यूनिट के बीच अलग-अलग केबलिंग और कनेक्शन होते हैं।

इंस्टालेशन में जरा सी भी कमी या ढीले कनेक्शन स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकते हैं। विंडो एसी एक सिंगल यूनिट होता है, इसलिए उसमें इंस्टालेशन से जुड़ी समस्याएं अपेक्षाकृत कम होती हैं, लेकिन ओवरलोडेड साकेट, खराब प्लग और पुरानी वायरिंग वहां भी जोखिम पैदा कर सकती है।

AC Blast (2)

क्या होता है एसी ब्लास्ट?

विशेषज्ञों के अनुसार एसी आमतौर पर बम की तरह नहीं फटता, बल्कि तकनीकी खराबियों के कारण 'ब्लास्ट जैसा असर' होता है।

यह होती हैं स्थितियां

  • कंप्रेसर फेल होने पर तेज धमाके जैसी आवाज
  • शार्ट सर्किट से आग लगना
  • रेफ्रिजरेंट गैस लीकेज के बाद आग पकड़ना
  • मशीन के अंदर अत्यधिक गर्मी और प्रेशर बनना

गर्मियों में बढ़ जाता है खतरा

गर्मी के मौसम में एसी पर लोड कई गुना बढ़ जाता है, जिससे छोटी खराबियां भी बड़ा खतरा बन सकती हैं।

एसी में आग लगने के कारण?

  • एसी का लंबे समय तक लगातार चलना
  • बाहरी तापमान बहुत अधिक होना
  • बिजली की खपत और लोड का बढ़ जाना
  • वेंटिलेशन और एयर फ्लो का कम होना

आग और शॉर्ट सर्किट के प्रमुख कारण

  1. लगातार चलने से ओवरहीटिंग
  2. खराब या पुरानी वायरिंग
  3. रेफ्रिजरेंट गैस का रिसाव
  4. गलत या अधूरा इंस्टालेशन
  5. समय पर सर्विस न होना
  6. गंदे फिल्टर और काइल से-एयर फ्लो ब्लाक होना

जरूरी सावधानी

  • हर एसी के लिए अलग इलेक्ट्रिकल लाइन और सही क्षमता का एमसीबी लगवाएं
  • समय-समय पर सर्विसिंग और इलेक्ट्रिकल आडिट कराएं
  • एसी के आसपास पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें

किन गलतियों से बचें

  • ओवरलोड साकेट या मल्टी-प्लग पर एसी चलाना
  • पुरानी वायरिंग पर नया लोड जोड़ना
  • लंबे समय तक बिना ब्रेक एसी चलाना
  • सर्विस और सफाई को नजरअंदाज करना
  • ढीले कनेक्शन या गरम होते स्विच को अनदेखा करना

एसी से जुड़े हादसों में “ब्लास्ट” असल में तकनीकी फेल्योर का परिणाम होता है, न कि कोई अचानक विस्फोट। स्प्लिट एसी में हादसे अधिक दिखने की वजह उसकी जटिल इंस्टालेशन प्रक्रिया है, लेकिन मूल समस्या हर मामले में एक ही है, खराब वायरिंग, गलत इंस्टालेशन और रखरखाव की कमी।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि इलेक्ट्रिकल सिस्टम को सही तरीके से डिजाइन किया जाए और नियमित देखभाल की जाए, तो ऐसी अधिकांश घटनाओं को रोका जा सकता है।