DUSU चुनाव में ‘गूंज नहीं, धमाका सुना’, ABVP की जीत पर BJP का राहुल गांधी पर तंज
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने तीन प्रमुख पदों पर जीत हासिल की, ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में तीनों सीट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की एतिहासिक विजय होने के बाद कला संकाय स्थित स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के समक्ष अध्यक्ष पद यश डबास सचिव रिया छाबड़ी संयुक्त सचिव लक्ष्यराज , हो रही आतिशबाजी के बीच उमड़ी कार्यकर्ताओंं की भीड़। चंद्र प्रकाश मिश्र
HighLights
एबीवीपी ने डूसू चुनाव में तीन प्रमुख पद जीते।
भाजपा ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' पर तंज कसा।
एनएसयूआई का केंद्रीय पैनल में खाता नहीं खुला।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के परचम लहराने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। चार में से तीन मुख्य पदों पर एबीवीपी के कब्ज़े के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक चैनल से बातचीत में तंज कसते हुए कहा, 'मुझे 'गूंज' तो सुनाई नहीं दी, लेकिन 'धमाका' जरूर सुनाई दिया।'
परिणामों ने बताई कांग्रेस के प्रति युवाओं की सोच
भाजपा नेताओं ने हाल ही में राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए युवा संपर्क अभियान 'छात्रों की गूंज' को 'झूठ की गूंज' करार दिया और कहा कि डूसू के नतीजे साफ दर्शाते हैं कि देश के युवा कांग्रेस के बारे में क्या सोचते हैं।
एनएसयूआई का सूपड़ा साफ, निर्दलीय ने भी चौंकाया
बता दें कि शनिवार शाम घोषित हुए दिल्ली विश्वविद्यालय 2026 के चुनाव परिणामों में एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर शानदार जीत दर्ज की।
- अध्यक्ष पद: एबीवीपी के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा (22,523 वोट) को 2,053 वोटों के अंतर से हराया।
- सचिव पद: एबीवीपी की रिया छाबड़ी ने 21,650 वोट पाकर अपने निकटतम एनएसयूआई प्रतिद्वंद्वी (14,869 वोट) को बड़े अंतर से पछाड़ा।
- संयुक्त सचिव पद: एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट पाकर जीत दर्ज की, जबकि समाजवादी छात्र सभा के विशेष यादव (15,778) दूसरे और एनएसयूआई के गोपाल चौधरी (15,206) तीसरे स्थान पर रहे।
- उपाध्यक्ष पद: उपाध्यक्ष पद का परिणाम सबसे दिलचस्प रहा, जहां एनएसयूआई से टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़े दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की।
इस तरह कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई का केंद्रीय पैनल में पूरी तरह से खाता भी नहीं खुला।
अमित शाह से लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तक ने दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'डूसू चुनाव में एबीवीपी की शानदार जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। यह जीत 'राष्ट्र प्रथम' की विचारधारा और छात्र कल्याण के प्रति युवाओं के अटूट विश्वास को दर्शाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देते रहेंगे।'
शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत के लिए एबीवीपी को बधाई। यह परिणाम दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों का एबीवीपी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों के प्रति समर्थन दिखाता है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'युवाओं की आवाज साफ और बुलंद है! सभी विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को ढेरों शुभकामनाएं।'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह जीत युवाओं के 'ज्ञान, शील और एकता' तथा 'नेशन फर्स्ट' के मूल्यों में विश्वास की जीत है। यश डबास, रिया छाबड़ी और लक्ष्य राज सिंह को बहुत-बहुत बधाई।
यह भी पढ़ें- ABVP ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के 4 में से 3 पदों पर जीत हासिल की, निर्दलीय उम्मीदवार ने रचा इतिहास
यह भी पढ़ें- 'सिर्फ ABVP से लड़ते तो जीत जाते', डूसू चुनाव में हार के बाद NSUI ने लगाए धांधली के आरोप
