विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आसिफ भाई, गन निकाल...', आस्था कुंज पार्क गैंगरेप केस में पीड़िता ने बयां की दरिंदगी की दास्तां

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:08 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 04:26 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पीड़िता ने पुलिस को अपनी खौफनाक आपबीती सुनाई है।

आस्था कुंज पार्क में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला। एआई जेनेरेटेड इमेज

आस्था कुंज पार्क में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला। एआई जेनेरेटेड इमेज

HighLights

  1. पीड़िता ने पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक कहानी सुनाई।

  2. आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी को धमकाया।

  3. तीनों आरोपित गिरफ्तार, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में वारदात की खौफनाक कहानी बयां की है।

किशोरी के मुताबिक, वह 21 सितंबर की शाम अपने दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी, तभी तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों से पूछताछ शुरू कर दी और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर चाकू और पिस्टल दिखाकर उसे डराया गया।

asif and mukesh

आरोपी आसिफ और मुकेश। 

इसके बाद आरोपित उसे पार्क के नर्सरी वाले हिस्से में ले गए, जहां तीनों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने अपने बयान में बताया कि वह लगातार रोती रही और दर्द से चिल्लाती रही, लेकिन आरोपित नहीं रुके।

खुद को पुलिसकर्मी बताकर छीने मोबाइल

पुलिस को दिए बयान और एफआइआर के मुताबिक, किशोरी 21 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे शंभू दयाल बाग के पास स्थित आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर आठ पर पहुंची थी। उसे इस्कान मंदिर में दर्शन के लिए जाना था। पार्क में वह अपने दोस्त के साथ एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रही थी, तभी तीन युवक वहां पहुंचे।

WhatsApp Image 2026-09-25 at 16.16.48 (1)

आस्था कुंज पार्क में शाम  7.47 बजे अंधेरे के बीच मोबाइल की लाइट जलाकर इस्कान मंदिर से कालकाजी मैट्रो स्टेशन जाते युवक। जागरण

आरोप है कि तीनों ने किशोरी के दोस्त को थप्पड़ मारा और दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उनसे पार्क में आने का कारण पूछने लगे। किशोरी ने विरोध करते हुए अपनी मां से बात कराने की बात कही, लेकिन आरोपितों ने उसकी बात नहीं मानी।

'आसिफ भाई, गन निकाल' कहकर दी धमकी

किशोरी के बयान के मुताबिक, आरोपितों में से एक उसके दोस्त को पकड़कर दूसरी तरफ ले गया, जबकि दो युवक उसे झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। किशोरी ने उनसे कहा कि जो पूछना है, यहीं पूछ लें और उसकी मां से बात कर लें।

यह भी पढ़ें- आस्था कुंज पार्क कांड के बाद एक्शन में पुलिस: LSR कॉलेज के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, तैनात हुईं PCR वैन

इसी दौरान एक आरोपित ने दूसरे को 'आसिफ भाई, गन निकाल' कहकर बुलाया। किशोरी के मुताबिक, बैंगनी रंग की शर्ट पहने एक आरोपित ने अपनी जेब से काले रंग की पिस्टल निकालकर उसे दिखाई। इसके बाद आरोपितों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और पार्क के नर्सरी वाले हिस्से में ले गए।

'मैं रोती रही, दर्द से चिल्लाती रही'

किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि नर्सरी वाले हिस्से में आरोपितों ने उसके साथ जबरदस्ती की। उसके गले पर चाकू रखकर उसे डराया गया और बारी-बारी से तीनों आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

बयान के मुताबिक, पहले एक आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद दूसरे और फिर तीसरे आरोपित ने भी उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। किशोरी ने बताया कि वह लगातार रो रही थी और दर्द से चिल्ला रही थी।

वारदात के बाद कपड़े और मोबाइल लौटाए

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपितों ने उसे कपड़े दिए और जल्दी पहनने को कहा। इसके बाद उसके दोस्त को वापस उसके पास लाया गया और दोनों के मोबाइल फोन लौटा दिए गए।

आरोप है कि आरोपितों ने दोनों को तुरंत वहां से चले जाने के लिए कहा और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पार्क से बाहर निकलने के बाद किशोरी ने अपने दोस्त को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके दोस्त ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।

हुलिये से हुई आसिफ की पहचान, पहले रहा पुलिस का मुखबिर

पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने आरोपितों के कपड़ों के रंग और उनके एक-दूसरे को बुलाने के नाम की जानकारी दी थी। इसी आधार पर पुलिस ने आसिफ की पहचान की। जांच में सामने आया कि आसिफ पहले पुलिस के लिए मुखबिर के तौर पर काम कर चुका है।

WhatsApp Image 2026-09-25 at 16.20.38

अमर कालोनी स्थित डीएम कार्यलय रोड पर गिरी आरोपित आसिफ की बाइक व पिस्टल। जागरण

आसिफ का नाम वर्ष 2025 में आस्था कुंज पार्क के पास एक अमेरिकी नागरिक से हुई लूट की घटना में भी आया था। उस मामले में पुलिस ने पार्क में घूमने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें आसिफ भी शामिल था। हालांकि, उस मामले में उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई थी।

पीड़िता की निशानदेही पर जुटाए साक्ष्य, डीएनए जांच जारी

घटना के बाद किशोरी ने पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचाया। उसकी निशानदेही पर एफएसएल रोहिणी और जिला मोबाइल क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच टीम ने घटनास्थल से इस्तेमाल किया गया कंडोम और अन्य जैविक साक्ष्य जुटाए हैं। इनकी डीएनए प्रोफाइल तैयार कराई जा रही है।

WhatsApp Image 2026-09-25 at 16.21.33 (1)

आस्था कुंज पार्क के बाहर खड़े पुलिसकर्मी। जागरण

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों के आने-जाने के रास्ते और वारदात से पहले पार्क में उनकी मौजूदगी की जानकारी जुटा रही है। मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पहले भी उठाए गए थे पार्क की सुरक्षा पर सवाल

वर्ष 2025 में आस्था कुंज पार्क में आपराधिक घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया था।

WhatsApp Image 2026-09-25 at 16.19.27

लेडी श्री राम कालेज के पिछले गेट के सामने स्थित पार्क में स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करते निगम कर्मचारी। जागरण

पार्क में सीसीटीवी कैमरों की कमी और कई स्थानों पर अंधेरा रहने की समस्या उठाई गई थी। इन जगहों पर रोशनी और निगरानी व्यवस्था बेहतर करने की मांग की गई थी।

यह भी पढ़ें- गैंगरेप के बाद सबूत मिटाने को धोए कपड़े, डिलीट की चैट; आस्था कुंज केस में तीनों आरोपित 14 दिन की न्यायिक हिरासत में