6 मेट्रो स्टेशनों की मदद से मुकरबा चौक से मां आनंदमयी मार्ग तक सुधरेगा ट्रैफिक, दो बड़े रोड प्रोजेक्ट्स भी मंजूर
दिल्ली में यातायात और कनेक्टिविटी सुधारने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। छह मेट्रो स्टेशनों पर अंतिम छोर की ...और पढ़ें
-1790176917796_m.webp)
लोक निवास में यूटीपैक की बैठक की अध्यक्षता करते उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू। सौजन्य :लोक निवास
HighLights
छह मेट्रो स्टेशनों पर अंतिम छोर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मां आनंदमयी मार्ग पर 5.5 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा।
मुकरबा चौक पर आरओबी का विस्तार, नया 4-लेन आरओबी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के छह प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के आसपास पैदल यात्रियों और यात्रियों के लिए आखिरी छोर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही दक्षिण और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में दो बड़ी सड़क परियोजनाओं से यातायात जाम कम करने का प्रयास भी होगा।
70वीं गवर्निंग बाॅडी की बैठक में फैसला
एलजी तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में बुधवार को हुई दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधीन यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर (प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग) सेंटर (यूटीपैक) की 70वीं गवर्निंग बाॅडी की बैठक हुई।
ठक में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की छह बहु-माध्यम एकीकरण (एमएमआइ) योजनाओं और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की दो प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
मालूम हो कि यूटीपैक का उद्देश्य यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं बेहतर कनेक्टिविटी के लिए समन्वित परिवहन नियोजन को बढ़ावा देना है।
इन छह मेट्रो स्टेशनों पर एमएमआई योजना
- जीटीबी नगर (येलो लाइन)
- सरिता विहार (वायलेट लाइन)
- अक्षरधाम (ब्लू लाइन)
- रोहिणी वेस्ट/डा बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल (रेड लाइन)
- मालवीय नगर (येलो लाइन)
- शास्त्री पार्क (रेड लाइन)
इन योजनाओं में मेट्रो या आरआरटीएस स्टेशन के आसपास करीब 300 मीटर के क्षेत्र में पैदल आवागमन, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, आखिरी छोर की कनेक्टिविटी और स्टेशन तक पहुंच आसान बनाने पर जोर रहेगा।
डीएमआरसी ने दिल्ली के फेज-1 और फेज-2 मेट्रो गलियारों के 31 स्टेशनों के लिए एमएमआइ योजनाएं तैयार की थीं। इन छह योजनाओं की मंजूरी के साथ अब सभी 31 एमएमआइ योजनाओं को यूटीपैक की मंजूरी मिल चुकी है।
5.5 किमी का एलिवेटेड काॅरिडोर
बैठक में दक्षिण दिल्ली में मां आनंदमयी मार्ग पर आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक करीब 5.5 किमी लंबा छह लेन का एलिवेटेड कारिडोर बनाने को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ओखला एस्टेट मार्ग पर क्राउन प्लाजा चौराहे पर अंडरपास और गोलचक्कर का प्रविधान होगा।
एलिवेटेड कारिडोर मां आनंदमयी मार्ग के करीब 12 चौराहों को बाईपास करेगा। इससे ओखला फेज-1 और फेज-2 के औद्योगिक क्षेत्रों से आने-जाने वाले मिश्रित यातायात के कारण लगने वाले जाम को कम करने का लक्ष्य है। जमीन पर यातायात दबाव घटने से पैदल और गैर-मोटर चालित परिवहन के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जा सकेगी।
मुकरबा चौक पर 10 लेन का आरओबी
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुकरबा चौक के जाम को कम करने के लिए मौजूदा छह लेन के आरओबी को बढ़ाकर 10 लेन किया जाएगा।
इसके अलावा जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से जोड़ने के लिए दिल्ली-सोनीपत रेल लाइन के ऊपर चार लेन का नया आरओबी बनाया जाएगा।
अनुमान है कि नया संपर्क मार्ग मुकरबा चौक से गुजरने वाले करीब 20 प्रतिशत वाहनों का रुख बदल देगा। इससे मुकरबा चौक के साथ एनएच-44 पर भी यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।
बैठक में डीडीए, दिल्ली सरकार, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, यातायात पुलिस, डीएमआरसी, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, एनडीएमसी, रेलवे, एनसीआरटीसी समेत संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
