विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के द्वारका में हादसा, गोल्फ कोर्स की दीवार फांदकर तालाब में नहाने पहुंचे बच्‍चे; सगे भाइयों सहित 3 की मौत

Published: Thu, 30 Apr 2026 08:51 AM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2026 08:25 PM (IST)

दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली के द्वारका में तीन बच्चों की तालाब में डूबकर मौत। जागरण

दिल्ली के द्वारका में तीन बच्चों की तालाब में डूबकर मौत। जागरण

HighLights

  1. तीन साल के बच्चे का शव द्वारका गोल्फ कोर्स में मिला।

  2. पुलिस की शुरुआती जांच में डूबने से मौत की आशंका।

  3. मामले की गहनता से जांच जारी, आधिकारिक बयान प्रतीक्षित।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका सेक्टर-23 थाना क्षेत्र स्थित डीडीए के गोल्फ कोर्स में एक हृदयविदारक घटना घटी। गोल्फ कोर्स में बने तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। जिन तीन बच्चों की मौत हुई है, उनमें वीर 11, रवि 8 और हर्ष 11 शामिल हैं। इनमें रवि व वीर दोनों सगे भाई हैं।

तीनों शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा, फिलहाल शव डीडीयू अस्प्ताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखे गए हैं। पीड़ित पक्ष के बयान को शामिल करते हुए पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

पिछले करीब तीन वर्षों के दौरान इस गोल्फ कोर्स में डूबने से हुई मौत की यह दूसरी घटना है। दोनों मामलों को जोड़ दें तो तीन वर्षों में अभी तक छह लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। छानबीन जारी है।

WhatsApp Image 2026-04-30 at 17.16.13

रवि और वीर। जागरण

गोल्फ कोर्स हादसे पर क्या बोली पुलिस?

पुलिस का कहना है कि सुबह जब गार्ड गोल्फ कोर्स परिसर में डयूटी दे रहा था, तभी उसकी नजर एक तालाब के किनारे रखे कुछ कपड़े पर गई। उसने देखा कि बच्चे डूबे हैं। उसने पुलिस को काल किया। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे सेक्टर 23 थाना को पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें उसने सेक्टर 24 स्थित गोल्फ कोर्स के एक तालाब में तीन बच्चों के डूबने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अन्य सभी संबंधित एजेंसियों को भी तत्काल सूचित कर दिया गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि तीन बच्चे तालाब में डूबे हुए थे। दमकल विभाग की सहायता से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार इस बात की पूरी आशंका है कि बच्चे वहां नहाने गए थे और दुर्घटनावश डूब गए।

परिवार के साथ गोयला में रहते थे वीर और रवि

पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तब सबसे मुश्किल कार्य इन शव के पहचान की थी। पुलिस ने जब पता किया तो पाया कि आसपास के किसी भी थाने में आठ से 10 वर्ष की उम्र के किसी बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। बाद में दोपहर को जब दोनों परिवारों को पता चला कि तीन बच्चे गोल्फ कोर्स में डूब गए तो वे सेक्टर 23 थाना पहुंचे।

दोनों परिवार सेक्टर 23 पहुंचा और पाया कि मरने वाले तीनों बच्चे कोई और नहीं बल्कि इनके ही बच्चे हैं। वीर और रवि अपने परिवार के साथ गोयला में किराए के कमरे में रहते थे, वहीं हर्ष अपने परिवार के साथ द्वारका में फुटपाथ पर रहता था।

डीडीए ने तीन सदस्यीय जांच दल का किया गठन

इस पूरे में सबसे अहम सवाल है कि आखिर तीनों बच्चे गोल्फ कोर्स परिसर में दाखिल कैसे हुए। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, जिससे इस मामले में कुछ पता चल सके। अभी तक की छानबीन में जो पता चला है कि मुख्य द्वार से ये लोग अंदर नहीं आए। ये कैसे दाखिल हुए इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना कब हुई।

यह घटना बुधवार दोपहर बाद की है या बृहस्पतिवार सुबह की, इस बात की पुलिस जांच करेगी। उधर डीडीए ने इस पूरे प्रकरण में जांच के लिए निदेशक की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसे एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। डीडीए का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।