विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL 2026, CSK Preview: युवा जोश के सहारे वापसी को तैयार सीएसके, छठी बार चैंपियन बनना है लक्ष्य

Published: Thu, 19 Mar 2026 05:00 AM (IST)

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स छठे खिताब की तलाश में है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम ...और पढ़ें

सीएसके ने पांच बार जीता खिताब

सीएसके ने पांच बार जीता खिताब

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के नए सीजन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) इस बार छठा खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

पिछले दो सीजन में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके इस बार अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए संतुलित और मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगी।

युवा खिलाड़ियों पर जताया भरोसा

इस बार फ्रेंचाइजी ने युवा खिलाड़ियों पर खास भरोसा जताया है। प्रशांत वीर व कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर टीम में शामिल किया है। आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी, जो टीम के स्तर के अनुसार निराशाजनक प्रदर्शन था। ऐसे में आईपीएल 2026 में सीएसके जोरदार वापसी करने और एक बार फिर खिताब की दौड़ में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। सीएसके अपना अभियान 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध शुरू करेगी।

आक्रामक बल्लेबाज टीम में मौजूद

बल्लेबाजी विभाग में टीम काफी मजबूत नजर आ रही है। कप्तान गायकवाड़ के साथ शीर्ष क्रम में संजू सैमसन जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं जो हाल ही में संपन्न टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार फॉर्म में रहे। सैमसन ने सिर्फ पांच मैचों में 321 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता जिससे उनकी मौजूदगी टीम के लिए बड़ी ताकत बन गई है। इसके अलावा, आयुष म्हात्रे ने पिछले सीजन में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था और उनसे इस बार भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

उर्विल पटेल, सरफराज खान और कार्तिक शर्मा जैसे भारतीय बल्लेबाज टीम को गहराई प्रदान करते हैं। उर्विल ने आईपीएल 2025 में कुछ अहम पारियां खेली थीं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस मध्यक्रम में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अनुभवी एमएस धोनी इस सीजन में किस क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं और टीम में उनकी भूमिका क्या रहती है।

टीम के पास हैं दमदार ऑलराउंडर

आलराउंडर्स की बात करें तो चेन्नई के पास प्रशांत किशोर, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे जैसे उपयोगी खिलाड़ी मौजूद हैं। शिवम दुबे हाल के समय में शानदार फॉर्म में हैं और उनका प्रदर्शन टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। प्रशांत किशोर भी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, तेज गेंदबाजी विभाग में कुछ चिंताएं जरूर नजर आती हैं। मैट हेनरी का टी-20 रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है, जबकि नाथन एलिस के पास सीमित अनुभव है। भारतीय तेज गेंदबाजों में खलील अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह शामिल हैं।

खलील ने पिछले सीजन में 14 मैचों में 15 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 9.58 रही, जो टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है। रवींद्र जडेजा की अनुपस्थिति के बावजूद टीम का स्पिन आक्रमण काफी मजबूत दिख रहा है। नूर अहमद, श्रेयस गोपाल, अकील हुसैन और राहुल चाहर जैसे स्पिनर्स चेन्नई की ताकत हैं। एमए चिदंबरम स्टेडियम की स्पिन-अनुकूल पिच पर ये गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

धोनी की क्या होगी भूमिका

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व और सफल कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे। हालांकि, माना जा रहा है कि वह सभी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में राजस्थान से चेन्नई में शामिल हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वहीं, एबी डि विलियर्स ने हाल ही में सुझाव दिया था कि धोनी को निचले क्रम के बजाय मध्यक्रम में बल्लेबाजी करनी चाहिए, ताकि वह टीम पर अधिक प्रभाव डाल सकें।

सीएसके का स्क्वाड

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी, संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, जेमी ओवर्टन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, जैक फॉल्क्स, खलील अहमद, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, गुरजपनीत सिंह, अकील हुसैन, मैट हेनरी, राहुल चाहर।

यह भी पढ़ें- IPL 2026: CSK में आते ही एमएस धोनी के खास क्लब में एंट्री ले सकते हैं संजू सैमसन, बस दिखाना होगा ये कमाल

यह भी पढ़ें- IPL 2026: आईपीएल में सबसे ज्‍यादा बार हैट्रिक लेने वाले टॉप-3 गेंदबाज, युवराज सिंह जैसा कारनामा कोई नहीं कर पाया