विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ZIM vs AUS: जिम्बाब्वे ने रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया की नाक में किया दम, नाथन एलिस ने छक्का लगाकर की बचाई 'लाज'

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:20 PM (IST)

Zimbabwe vs Australia: जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की। मैच काफी रोमांचक ...और पढ़ें

नाथन एलिस-जोश इंग्लिस

नाथन एलिस-जोश इंग्लिस

HighLights

  1. ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे को हराया

  2. ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज की अपने नाम

  3. नाथन एलिस ने बल्ले से दिखाया दम

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच हरारे में तीसरा वनडे मैच खेला गया। मैच काफी रोमांचक रहा और ऑस्ट्रेलियाई टीम एक समय दबाव में आ गई थी लेकिन नाथन एलिस ने छक्का लगाकर टीम को एक विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ कंगारुओं ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है।

जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 271 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य को 9 विकेट के नुकसान पर हासिल किया। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की नाक में दम कर दिया लेकिन अंत में वे स्कोर का बचाव नहीं कर सके। तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने बल्लेबाजी से दम दिखाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।

जिम्बाब्वे की खराब शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने 34 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद 82 के स्कोर पर दूसरा और 68 रनों के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवा दिया था। हालांकि, इसके बाद इनोसेंट काइया और क्रेग इरविन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 141 रनों की साझेदारी की। काइया 66 गेंदों पर 55 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। इरविन भी 59 रन बनाकर आउट हो गए।

सिकंदर रजा ने अकेले संभाला मोर्चा

इरविन और काइया के बाद जिम्बाब्वे के लिए कप्तान सिकंदर रजा के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका। रजा अंत तक अकेले लड़ाई लड़ते रहे और 72 गेंदों पर नाबाद 81 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और एक छक्का निकला। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए नाथन एलिस सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्हें तीन विकेट मिला। उनके अलावा स्पेंसर जॉनसन और एडम जैंपा को भी 2-2 विकेट मिला। मेजबान टीम ने पहले बैटिंग करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 271 रनों का स्कोर खड़ा किया।

जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को दिया शुरुआती झटका

272 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उन्हें शुरुआती झटका देकर मुश्किल में डाल दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 25 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 77 रनों पर तीसरा विकेट गंवाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए बैटिंग के लिए उतरे जोश इंग्लिश और पांचवें नंबर पर एलेक्स कैरी ने मोर्चा संभाला।

जोश इंग्लिस ने ठोका शतक

मुश्किल में फंसी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए विकेटकीपर जोश इंग्लिस संकटमोचक बनकर आए। उन्होंने शानदार बैटिंग की और शतक लगाया। इंग्लिस के वनडे करियर का ये दूसरा शतक है। उन्होंने 102 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कैरी ने भी 34 रन बनाए। हालांकि, इन दोनों के आउट होते ही रजा की कप्तानी वाली टीम एक बार फिर से दबाव बनाने लगी।

आखिरी दो ओवरों का रोमांच

ऑस्ट्रेलिया को मैच में जीत के लिए आखिरी दो ओवरों में 17 रनों की जरूरत थी। क्रीज पर नाथन एलिस और स्पेंसर जॉनसन की जोड़ी मौजूद थी। ये उनके लिए आखिरी जोड़ी थी। 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर एलिस का कैच छूटा और उस ओवर में कुल 8 रन बने। आखिरी ओवर में जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को 9 रनों की दरकार थी। एलिस ने वेस्ली मधवेरे के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया, जहां से ऑस्ट्रेलिया के लिए 3 रन बचे।

ओवर की दूसरी गेंद पर एलिस ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर जॉनसन कोई रन नहीं बना सके लेकिन चौथी गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने क्रीज पर फिर से एलिस को भेज दिया। एलिस ने पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की।

यह भी पढ़ें- नमन धीर की बॉलिंग का होगा टेस्ट और यशस्‍वी जायसवाल को मिलेंगे भरपूर मौके, IND vs WI सीरीज पर बोले इरफान पठान

यह भी पढ़ें- 'उनके पास कोई तकनीक नहीं है', वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व इंग्लिश दिग्गज ने दिया हैरान करने वाला बयान