'उनके पास कोई तकनीक नहीं है', वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व इंग्लिश दिग्गज ने दिया हैरान करने वाला बयान
वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में खुद को शानदार बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। हालांकि, पूर्व इंग्लिश दिग्गज ने उनको लेकर सवाल खड़े किए हैं।

वैभव सूर्वंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में जिस तरह की बल्लेबाजी की है, उससे खूब सुर्खियां बटोरी हैं। हालांकि, उनके अन्य फॉर्मेट में खेलने को लेकर सवाल उठते रहते हैं। सूर्यवंशी ने टीम इंडिया के लिए टी20 में डेब्यू कर लिया है लेकिन वनडे और टेस्ट में उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करनी होगी। सूर्यवंशी को लेकर इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने चर्चा की है।
पनेसर का मानना है कि सूर्यवंशी के पास टेस्ट क्रिकेट के लिए कोई तकनीक नहीं है। हालांकि, क्लार्क ने इसके उलट अपनी राय दी है। उनका कहना है कि अगर खिलाड़ी के पास प्रतिभा है, तो वो किसी भी फॉर्मेट में ढल सकता है। उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और एबी डी विलियर्स का उदाहरण दिया है।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर मोंटी पनेसर ने किया दावा
वैभव को हाल ही में समाप्त हुई अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका नहीं मिला था। टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को प्राथमिकता दी गई। उनको लेकर पनेसर और क्लार्क बियॉन्ड 23 क्रिकेट पॉडकास्ट में बात करते हुए दिखाई दिए। पनेसर ने सूर्यवंशी को लेकर कहा, "मुझे नहीं लगता है कि वो टेस्ट क्रिकेट में ढल पाएंगे। हैरी ब्रूक ही ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जो टी20 और टेस्ट के शीर्ष-10 में शामिल हैं। मुझे नहीं लगता है कि वैभव सूर्यवंशी के पास वो तकनीक है।"
माइकल क्लार्क ने दी अपनी राय
क्लार्क ने अपनी राय देते हुए कहा, "मुझे लगता है कि वे भी तीनों फॉर्मेट में खेल सकते हैं। विराट कोहली और एबी डी विलियर्स ने ये साबित भी किया है। वे अच्छे टेस्ट क्रिकेटर होने के साथ बेहतरीन टी20 बल्लेबाज भी थे। अगर नई पीढ़ी का कोई भी बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में कदम रखता है, जैसे कि सूर्यवंशी है, तो उसे देखना बहुत ही अद्भुत होगा। फिलहाल सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत उनकी पावर है। उनकी नजर भी कमाल की है। वे युवा खिलाड़ी में सबसे बेहतरीन तरीके से गेंद को परखते हैं। भारत के साथ दौरे करने और अलग-अलग परिस्थितियों में ट्रेनिंग लेने के बाद उनकी तकनीक बेहतर हो जाएगी।"
