VHT: सूर्यकुमार-अभिषेक हुए फेल, Dhruv Jurel के शतक से UP ने लगातार सातवीं जीत दर्ज की
सरफराज खान ने केवल 15 गेंदों में लिस्ट ए का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा, लेकिन उसके बावजूद उनकी टीम मुबंई ...और पढ़ें
-1767885913420_m.webp)
123 के स्कोर पर रन आउट हुए जुरेल।
HighLights
ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बंगाल को पांच विकेट से हराया
टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहले ही पहुंच चुका है उत्तर प्रदेश
सुदीप कुमार घारामी शतक से चूके, 94 रन की पारी खेली
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश ने गुरुवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरैल के शतक से बंगाल को पांच विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट की अपनी लगातार सातवीं जीत दर्ज की। जुरैल का यह टूर्नामेंट का दूसरा शतक रहा। उप्र की टीम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहले ही जगह बना चुकी है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल ने 45.1 ओवर में 269 रन बनाए। जिसमें सुदीप कुमार घारामी के 94 और शाहबाज अहमद के 43 रन शामिल रहे। उप्र की ओर से जीशान अंसारी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए और करन चौधरी, विपराज निगम ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में जुरेल ने 96 गेंद में 123 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वहीं इससे पहले प्रारंभिक बल्लेबाज आर्यन जुयाल ने 56 और कप्तान रिंकू सिंह ने नाबाद 37 रन बनाए। इन पारियों के दम पर उत्तर प्रदेश ने 42.2 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सरफराज ने जड़ा सबसे तेज अर्धशतक, फिर भी हारी मुंबई
सरफराज खान ने केवल 15 गेंदों में लिस्ट ए का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा, लेकिन उसके बावजूद उनकी टीम मुबंई को पंजाब के विरुद्ध केवल एक रन से हार झेलनी पड़ी। जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर खेलते हुए सरफराज ने केवल 20 गेंद में 62 रन बनाए, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्होंने 15 गेंद में अर्धशतक जड़ते हुए अजीत सेठ का रिकार्ड तोड़ा।
अजीत ने बड़ौदा के विरुद्ध 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.1 ओवर में 216 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मुंबई की टीम सरफराज की पारी के बावजूद 26.2 ओवर में 215 रन पर आलआउट हो गई। सरफराज के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 45 रन बनाए। पंजाब की ओर से गुरनूर बराड़ और मयंक मार्कंडेय ने चार-चार विकेट चटकाए। मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव (15) और पंजाब की ओर से अभिषेक शर्मा (8) फेल रहे।
दिल्ली ने हरियाणा को नौ विकेट से रौंदा
दिल्ली ने भी अपने अंतिम ग्रुप बी मुकाबले में हरियाणा को नौ विकेट से रौंदकर छठी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अनुभवी इशांत शर्मा की अगुआई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की टीम को केवल 105 रन पर ढेर कर दिया। इंशात, नवदीप और प्रिंस यादव ने तीन-तीन विकेट झटके। हरियाणा के केवल चार ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। इसके बाद नीतीश राणा (57) ने अर्धशतक जड़ते हुए केवल 13.1 ओवर में ही टीम को जीत दिला दी। उनके अलावा वैभव कांडपाल ने अविजित 28 रनों की पारी खेली।
शिवांग के पंजे से मप्र भी अंतिम आठ में
बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार ने पांच विकेट झटककर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिससे मध्य प्रदेश ने गुरुवार को स्टार खिलाड़ियों से सजे कर्नाटक को सात विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं मयंक अग्रवाल की कप्तानी में में कर्नाटक (24 अंक) के बाद ही टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन चुकी है।
26 साल के शिवांग अपना तीसरा लिस्ट-ए मैच खेल रहे थे। उन्होंने 10 ओवर में 45 रन देकर पांच विकेट झटके, जिससे कर्नाटक की टीम 47.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। मध्य प्रदेश ने बिना किसी परेशानी के 23.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली।
