Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    SMAT: Suryakumar Yadav और Shivam Dube ने की छक्‍कों की बरसात, शतकीय साझेदारी करके मुंबई को दिलाई शानदार जीत

    Updated: Tue, 03 Dec 2024 06:16 PM (IST)

    सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी में शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर मुंबई को सर्विसेज पर जीत दिलाई। सूर्या ने 46 गेंदों में सात चौके और चार छक्‍के की मदद से 70 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने केवल 37 गेंदों में दो चौके और सात छक्‍के की मदद से नाबाद 71 रन बनाए। मुंबई ने 192/4 का विशाल स्‍कोर बनाया।

    Hero Image
    सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने खेली उम्‍दा पारियां

    स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टी20 टीम के कप्‍तान सूर्यकुमार यादव (70) और शिवम दुबे (71*) की आक्रामक पारियों के दम पर मुंबई ने मंगलवार को सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में सर्विसेज को 39 रन से हरा दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्‍लेबाजी निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए। जवाब में सर्विसेज की टीम 19.3 ओवर में 153 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। शिवम दुबे ने गेंदबाजी में एक विकेट भी चटकाया। उन्‍हें ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    सूर्या-दुबे की शतकीय साझेदारी

    पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। पृथ्‍वी शॉ को पूनम पूनिया ने पहले ओवर में क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। कप्‍तान श्रेयस अय्यर (20) और अजिंक्‍य रहाण (22) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। 60 रन पर तीन विकेट गंवाने वाली मुंबई को सूर्या-दुबे की जोड़ी ने संभाला।

    यह भी पढ़ें: Prithvi Shaw SMAT: फजीहत कम होने का नाम नहीं ले रही…, IPL Auction में अनसोल्ड रहे पृथ्वी फिर डक पर आउट

    दोनों ने चौथे विकेट के लिए 130 रन की शतकीय साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्‍लेबाजों ने कुछ आकर्षक स्‍ट्रोक्‍स लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 46 गेंदों में सात चौके और चार छक्‍के की मदद से 70 रन बनाए। उन्‍होंने 152.17 के स्‍ट्राइक रेट से रन बनाए।

    वहीं, शिवम दुबे ने केवल 37 गेंदों में दो चौके और सात छक्‍के की मदद से नाबाद 71 रन बनाए। दोनों बैटर्स ने छक्‍कों की बरसात करते हुए कुल 11 सिक्‍स जड़े। दुबे की पारी की मदद से मुंबई ने 192 रन का विशाल स्‍कोर बनाया।

    https://www.jagran.com/cricket/headlines-prithvi-shaw-another-duck-in-syed-mushtaq-ali-trophy-2024-during-mumbai-vs-services-after-ipl-2025-auction-snub-23841387.html

    ठाकुर-मुलानी गेंदबाजी में छाए

    193 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी सर्विसेज को शार्दुल ठाकुर ने तगड़े झटके दिए। उन्‍होंने सर्विसेज का टॉप ऑर्डर उड़ाया और दो बैटर्स नितीन तंवर व विनीत धनकड़ को खाता भी नहीं खोलने दिया। ठाकुर के अलावा शम्‍स मुलानी ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाया।

    बाएं हाथ के स्पिनर ने सर्विसेज के कप्‍तान मोहित अहलावत (54), मोहित राठी (20) और विकास यादव (0) को अपना शिकार बनाया। मोहित अवस्‍थी और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। मुंबई को इस जीत से 4 अंक मिले। मुंबई का अगला मुकाबला 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश से होगा। यह लीग चरण का आखिरी मुकाबला होगा।

    यह भी पढ़ें: SMAT: Urvil Patel ने रिकॉर्ड्स बुक को फिर दहला दिया, एक सप्‍ताह के भीतर ही जड़ दिया दूसरा तूफानी शतक