SL vs BAN: थारिंदू रत्नायके की जुझारू पारी के बाद गेंदबाजों के कमाल से श्रीलंका ने बांग्लादेश को पटका, ब्रॉन्ज मेडल पर जमाया कब्जा
श्रीलंका ने एशियन गेम्स 2026 के ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को 63 रनों से हरा दिया। थारिंदू रत्नायके के ...और पढ़ें

श्रीलंका को मिला ब्रॉन्ज मेडल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका क्रिकेट टीम ने शनिवार को एशियन गेम्स-2026 के ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को 63 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 165 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम 17.3 ओवरों में 102 रनों पर ही ढेर हो गई।
श्रीलंका की तरफ से थारिंदू रत्नायके ने 32 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 65 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान सहान अर्चाछिगे ने 33 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश की तरफ से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं बना सका।
श्रीलंकाई गेंदबाजों ने दिखाया कमाल
देखा जाए तो जो 166 रनों का टारगेट बांग्लादेश को मिला था वो मुश्किल नहीं था, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने उसे मुश्किल बना दिया। बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज विकेट पर पैर नहीं जमा सका। उसके टॉप-3 बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए। चार रनों पर ही बांग्लादेश ने अपने तीन विकेट खो दिए थे। बांग्लादेश ने चौथा विकेट 18 रनों के कुल स्कोर पर खोया। तौहिद ह्दोय 11 रन बनाकर आउट हुए। यहां से विकेटों का सिलसिला रुका नहीं और बांग्लादेश लगातार विकेट खोती रही।
उसके लिए सबसे ज्यादा 26 रन नासुम अहमद ने बनाए। उन्होंने 28 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से यह पारी खेली। यासिर अली ने 21 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से नुवान तुषारा, रत्नायके, विजयकांत और वानुजा सहान ने दो-दो विकेट लिए। कप्तान सहान और दुशान हेमांता ने एक-एक विकेट लिए।
श्रीलंकाई पारी को रत्नायके ने संभाला
देखा जाए तो श्रीलंकाई बल्लेबाजी भी कुछ खास नहीं रही। उसका टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह से फेल रहा। 54 रनों पर ही श्रीलंका ने अपने पांच विकेट खो दिए थे। इसके बाद रत्नायके और सहान ने 93 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की। 147 के कुल स्कोर पर रत्नायके पवेलियन लौटे। उनके बाद फिर श्रीलंका ने जल्दी-जल्दी विकेट खो दिए। श्रीलंका की तरफ से सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई के अंक में पहुंच सके। कप्तान और रत्नायके के अलावा आसेन बंडारा ने 18 रन बनाए और दोहरी संख्या में पहुंचे।
बांग्लादेश की तरफ से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्ताफिजुर रहमान ने दो-दो विकेट लिए। रिशाद हुसैन ने एक सफलता हासिल की।
यह भी पढ़ें- IND vs PAK: अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने उड़ाए पाकिस्तान के परखच्चे, टीम इंडिया ने जीता गोल्ड मेडल
यह भी पढ़ें- रोहतक की बेटी, बरेली में तैनाती... जानिए कौन हैं ASI परवीन हुड्डा, जिन्होंने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण पदक
