IND vs PAK: अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने उड़ाए पाकिस्तान के परखच्चे, टीम इंडिया ने जीता गोल्ड मेडल
भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-2026 के गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को हराते हुए खिताब अपने पास ही रखा है।
-1791016284489_m.webp)
भारत ने पाकिस्तान को दी मात
HighLights
भारत ने पाकिस्तान को दी मात
टीम इंडिया ने जीता गोल्ड मेडल
टीम इंडिया की जीत में चमके अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को एशियन गेम्स-2026 के गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को 19 रनों से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल अपने पास ही रखा है जो उसने पिछले खेलों में जीता था। पाकिस्तानी टीम भारत की तूफानी बैटिंग के बाद उसकी धारदार गेंदबाजी के सामने नतमस्तक हो गई। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 211 रन बनाए। पाकिस्तानी टीम पूरे ओवर खेलने के बाद छह विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी।
भारत के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। उनके बाद तिलक वर्मा ने तूफानी अंदाज दिखाया और आखिरी के ओवरों में तेजी से रन बनाते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। तिलक ने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और चार छक्के मारे। पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने लड़ाई लड़ी। उन्होंने 51 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 96 रन बनाए। वह मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए।
वैभव और संजू नहीं दिखा पाए कमाल
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं। उन्होंने शुरुआत अच्छी की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। साइम अयूब ने उन्हें आउट किया। वैभव ने दो छक्कों की मदद से नौ गेंदों पर 15 रन बनाए। उनके बाद आए संजू सैमसन सिर्फ दो रन ही बना सके। इस बीच अभिषेक अपनी तूफानी बैटिंग से भारत का स्कोरबोर्ड चला रहे थे। 93 रनों के कुल स्कोर पर अराफात मिन्हास ने उनकी पारी का अंत कर दिया। उनके बाद ईशान किशन (20) और कप्तान श्रेयस अय्यर (21) ज्यादा तेजी नहीं दिखा पाए और आउट हो गए।
शिवम दुबे ने आते ही कुछ बड़े शॉट्स मारे और तिलक ने उनका साथ दिया। दुबे 15 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक ने आखिरी ओवर की पाचवीं गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत को मजबूत स्कोर तक ले गए।
पाकिस्तान की पारी लड़खड़ाई
पाकिस्तान को जिस तरह की शुरुआत की जरूरत थी वो मिली नहीं। कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने टीम को सधी हुई शुरुआत दी, लेकिन दोनों तेज रफ्तार में रन नहीं जोड़ सके। पावरप्ले के भीतर ही पाकिस्तान ने अपने दो विकेट खो दिए। कप्तान फरहान 10 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। वहीं, अक्षर पटेल ने उस्मान खान को तीन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई। सातवें ओवर में अक्षर ने माज सदाकत को भी पवेलियन भेज दिया। उनके बल्ले से 23 रन निकले। पाकिस्तान ने 39 रनों के कुल स्कोर पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से सइम अयूब और हसन नवाज ने पारी को संभाला। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी की और भारत की मुश्किलें बढ़ाईं।
15वें ओवर में दुबे ने अयूब को सुंदर के हाथों कैच कराते हुए इस साझेदारी को तोड़ा। अयूब ने नवाज के साथ मिलकर 69 रनों की साझेदारी की। हालांकि, नवाज अभी तक भारत के लिए मुश्किल बने हुए थे। वह तेजी से रन बना रहे थे। उनका विकेट भारत के लिए बेहद जरूरी हो गया था। हालांकि, दूसरे छोर से भारत ने अब्दुल समद को 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट कर मैच में पाकिस्तान को कमजोर कर दिया। समद सिर्फ नौ रन बना पाए। उनका विकेट सुंदर ने लिया। यहां से पाकिस्तान मैच से बाहर हो गई और भारत ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पाकिस्तान को सिल्वर जबकि श्रीलंका को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
