विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs PAK Preview: सितारों से सजी भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान की चुनौती, दांव पर गोल्‍ड मेडल

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:26 PM (IST)

भारत शनिवार को एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में पाकिस्तान की युवा टीम के विरुद्ध अपने अनुभवी सितारों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।

भारतीय टीम

भारतीय टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, नागोया। विश्व चैंपियन भारत शनिवार को एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में पाकिस्तान की युवा टीम के विरुद्ध अपने अनुभवी सितारों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। दोनों देशों के बीच यह मुकाबला एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का अब तक का सबसे अधिक राजनीतिक तनाव वाला फाइनल होगा।

पिछले साल एशिया कप के दौरान शुरू हुई हाथ न मिलाने की परंपरा के कारण इस मुकाबले से पहले या बाद में भी खिलाड़ियों के एक-दूसरे से हाथ मिलाने की संभावना बेहद कम है। हालांकि वालीबॉल, टेबल टेनिस और हॉकी में भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी अपने मुकाबलों के बाद हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आए हैं।

एशियाई खेलों में क्रिकेट का स्तर शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं जैसा नहीं है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले और स्वर्ण पदक की अहमियत दोनों देशों के लिए काफी अधिक है। लगातार वर्षा के कारण दोनों टीमों को मैदान पर सीधे सेमीफाइनल मुकाबले में उतरना पड़ा। दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल आसानी से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इस तरह दोनों को स्वर्ण पदक के लिए सिर्फ दो मुकाबले जीतने पड़े हैं।

भारत के अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी यह मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा। पाकिस्तान की अगुआई साहिबजादा फरहान कर रहे हैं और टीम में पीएसएल में अच्छा प्रदर्शन कर चुके कई खिलाड़ी हैं। हालांकि उसके पास भारतीय टीम की तरह बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारों की फौज नहीं है। वहीं भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए अपनी मुख्य टीम भेजी है और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज भी टीम का हिस्सा हैं।

पाकिस्तान को बराबरी का मौका दे सकती है पिच

मुकाबले के स्थल निशिन सिटी के कोरोगी पार्क की पिच की परिस्थितियां पाक साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, हसन नवाज, साइम अयूब और अराफात मिन्हास जैसे खिलाड़ियों को मुकाबला करने का मौका दे सकती हैं और दोनों टीमों के बीच अंतर को काफी हद तक कम कर सकती हैं।
कोरोगी पार्क की पिच पर नमी और तेज धूप के कारण असमान उछाल के साथ गेंद को अच्छा टर्न मिल रहा है। ऐसे में भारत के लिए अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई की भूमिका भी बेहद अहम हो जाती है। अगर पिच पर टर्न ज्यादा मिला तो अभिषेक शर्मा भी गेंद से उपयोगी साबित हो सकते हैं।

भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, विपराज निगम, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह।

पाकिस्तान टीम

साहिबजादा फरहान (कप्तान), साइम अयूब, माज सदाकत, उस्मान खान, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, मोहम्मद वसीम, अहमद दानियाल, सुफियान मोकिम, अबरार अहमद, आकिफ जावेद, अली रजा, साद मसूद, हैदर अली।

यह भी पढ़ें- IND vs PAK: वैभव सूर्यवंशी डेब्यू में बिगाड़ेंगे पाकिस्तान का खेल, टीम इंडिया के ये धुरंधर भी बरसाएंगे आफत!

यह भी पढ़ें- IND vs PAK Live Streaming: एशियन गेम्‍स 2026 के फाइनल में भारत-पाकिस्‍तान की जंग, नोट करें मैच का पता