Ranji Trophy Round-up: महाराष्ट्र ने रोका बंगाल का विजयरथ, UP जीत दर्ज करने से चूका; यश ढुल के शतक से दिल्ली ने ड्रॉ कराया मैच
रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र ने बंगाल का विजय रथ रोका, जबकि उत्तर प्रदेश और बड़ौदा का मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त ...और पढ़ें

रणजी ट्रॉफी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच रोमांचक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहली पारी में बड़ौदा के 355 रनों के जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम ने 492 रन बना 137 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके जवाब में बड़ौदा की टीम ने दूसरी पारी में अंतिम दिन छह विकेट पर 169 रन बनाकर मुकाबला ड्रॉ कराने में सफल रही।
मुकाबले में पारी की बढ़त हासिल कर उत्तर प्रदेश की टीम ने महत्वपूर्ण चार अंक हासिल कर अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। अंकतालिका में उत्तर प्रदेश के 19 अंक हो गए हैं, जबकि बड़ौदा 18 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पदार्पण मैच में शतक लगाने वाले आदर्श सिंह को 162 रनों की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में मैच के चौथे दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने आठ विकेट पर 455 रन आगे खेलना शुरू किया। पहले सत्र में ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए शिवम मावी (40) और कार्तिक (9) के बदौलत 492 रन तक स्कोर को पहुंचाया। जीशान अंसारी (1) पर नाबाद रहे। 115 के योग पर छह विकेट खोने के बाद बड़ौदा को हार से कप्तान अतीत (42) व महेश (14) की जुझारू पारी ने बचाया। गेंदबाजी में उत्तर प्रदेश के प्रशांत ने तीन, जीशान, शिवम व कार्तिक ने एक-एक विकेट चटकाया।
यश के शतक से दिल्ली ने कराया मैच ड्रॉ
कप्तान यश ढुल के शानदार शतक की बदौलत दिल्ली ने सर्विसेज के विरुद्ध मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की। दूसरी पारी में दिल्ली ने चार विकेट पर 168 रन बनाए। यश ढुल 104 रन बनाकर अविजित लौटे। मुकाबले में सर्विसेज ने पहली पारी में 266 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने पहली पारी में 344 रन बनाकर 78 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
दिल्ली की ओर से पहली पारी में बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद सर्विसेज ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 397 रन बनाकर दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। चौथी पारी में लक्ष्य का सामना करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आरंभिक बल्लेबाज प्रियांश आर्य 15 और सनत सांगवान पांच रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान यश ढुल ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। आयुष बड़ोनी ने 17 और आयुष दोसेजा ने 14 रन का योगदान दिया। बड़ोनी के आउट होने के बाद भी ढुल ने संयम बनाए रखा।
महाराष्ट्र ने रोका बंगाल का विजय रथ
रणजी ट्रॉफी के पहले तीन मैच शानदार तरीके से जीतने वाली बंगाल का विजय रथ महाराष्ट्र ने उसके घरेलू मैदान में रोक दिया। ईडन गार्डेंस स्टेडियम में मैच के चौथे व अंतिम दिन महाराष्ट्र ने बंगाल को 10 विकेट से हरा दिया। महाराष्ट्र की घातक गेंदबाजी के आगे बंगाल की दूसरी पारी 186 रनों पर सिमट गई।
प्रदीप दाधे व हितेश वालुंज ने चार-चार विकेट चटकाए। 112 रनों के लक्ष्य को महाराष्ट्र ने बिना विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। कप्तान पृथ्वी शा (अविजित 53) और सचिन धास (अविजित 61) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
जम्मू-कश्मीर-पुडुचेरी के बीच मुकाबला ड्रॉ
शेर ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम श्रीनगर में रणजी ट्रॉफी एलीट ए ग्रुप का चार दिवसीय मुकाबला मेजबान जम्मू-कश्मीर और मेहमान पुडुचेरी के बीच ड्रॉ रहा है। जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर बोनस अंक सहित कुल तीन अंक अर्जित करने में सफल रही, जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम को मात्र एक अंक से संतोष करना पड़ा है। अंक तालिका में जम्मू-कश्मीर की टीम ने चार मुकाबले खेलकर अभी तक कुल पांच अंक हासिल किए हैं।
जम्मू-कश्मीर की टीम ने चौथे एवं अंतिम दिन पुडुचेरी के विरुद्ध पांच विकेट के नुकसान पर 491 रन से आगे बल्लेबाजी करना शुरू किया और 135 ओवर में छह विकेट खोकर 555 रन बनाकर 170 रन की बढ़त बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की। जवाब में पुडुचेरी की टीम ने दूसरी पारी की शुरुआत की और चौथे एवं अंतिम दिन 65 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए। अंकित शर्मा ने सर्वाधिक 62, जबकि अमन खान ने 52 रन, रितेश ने 38 रन और विकेटकीपर प्रसाद पवार ने 32 रन बनाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।