विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

SMAT: पृथ्वी शॉ का गरजा बल्ला, अजिंक्य रहाणे का अर्धशतक; शिवम और शेडगे ने मुंबई को सेमीफाइनल में पहुंचाया

Published: Wed, 11 Dec 2024 08:17 PM (IST)

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आखिरकार पृथ्वी शॉ का बल्ला चल पड़ा। आईपीएल की मेगा नीलामी में अनसोल्ड रहने के ...और पढ़ें

Prithvi Shaw ने खेली 49 रन की पारी। फोटो- BCCI
Prithvi Shaw ने खेली 49 रन की पारी। फोटो- BCCI

HighLights

  1. पृथ्वी शॉ ने मुंबई के लिए 26 गेंद पर 49 रन बनाए
  2. मुंबई ने क्वार्टर फाइनल में विदर्भ के खिलाफ दर्ज की जीत
  3. अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 45 गेंद पर 84 रन बनाए

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पृथ्वी शॉ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में विदर्भ के खिलाफ मुंबई के लिए 49 रन की तूफानी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की झलक दिखाई। पृथ्वी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और बुधवार, 11 दिसंबर को बेंगलुरु के अलूर क्रिकेट स्टेडियम में क्वार्टर फाइनल मैच में मुंबई ने 222 रनों के लक्ष्य का सफल चेज किया। अजिंक्य रहाणे ने भी उम्दा पारी खेली।

मैच के दौरान पृथ्वी शॉ तरोताजा और शांत दिखे। उन्होंने विदर्भ के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाईं। मुंबई के सलामी बल्लेबाज ने चार छक्के और पांच चौके जड़कर मुंबई के लिए एक अच्छा मंच तैयार किया। शॉ ने पावरप्ले में तूफानी बल्लेबाजी की और सिर्फ एक रन से अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। उन्हें सातवें ओवर में विदर्भ के तेज गेंदबाज दीपेश परवानी ने 26 गेंद पर 49 रन पर आउट कर दिया।

एक रन से चूके पृथ्वी शॉ

पृथ्वी शॉ और अजिंक्य रहाणे ने सिर्फ 42 गेंद पर 83 रन की ओपनिंग साझेदारी करके मुंबई की जीत की नींव रखी। यह पहली बार था जब पृथ्वी ने भारत के प्रमुख घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मौजूदा संस्करण में 40 रन का आंकड़ा पार किया। शॉ ने बुधवार के क्वार्टर फाइनल से पहले छह पारियों में 130 रन बनाए थे। 25 वर्षीय भारतीय ओपनर को आईपीएल नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा था।

शिवम और शेडगे ने दिलाई जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव जल्दी आउट हो गए। हालांकि, रहाणे ने 45 गेंद पर 3 छक्के और 10 चौकों की मदद से 84 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव इस मैच में 9 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने 19.2 ओवर में 224 रन बनाकर मैच 6 विकेट से मैच जीत लिया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। शिवम दुबे (37*) और सूर्यांश शेडगे (36*) ने कैमियों पारी खेली।

इससे पहले विदर्भ ने 221 रन का स्कोर बनाया है। अथर्व तायडे ने 66 रन की पारी खेली। अपूर्व वानखेड़े ने 51 रन की तूफानी पारी खेली। करुण नायर ने 26 रन का योगदान दिया। शुभमन दुबे 19 गेंद पर 43 रन की तेज तर्रार नाबाद पारी खेली। मुंबई के लिए अथर्व अंकोलकर और सूर्यांश शेडगे ने 2-2 विकेट लिए।

यह भी पढे़ं- SMAT: हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी में ढाया कहर, मोहम्‍मद शमी की टीम का टूर्नामेंट में खत्‍म कर दिया सफर