PAK U19 vs BAN U19: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को बुरी तरह पीटा, एशिया कप के फाइनल में बनाई जगह
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को एसीसी मेंस अंडर-19 के एशिया कप के सेमीफाइनल में 9 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री मार ली है।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को रौंदा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रिजवानुल्लाह की बेहतरीन गेंदबाजी और बाद में सलामी बल्लेबाज उस्मान खान और हयाम खान के अर्धशतकों की बदौलत पाकिस्तान ने बांग्लादेश को गुरूवार को एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में 9 विकेट से रौंद दिया है। इसी के साथ उसने फाइनल में जगह बना ली है।
अल अमीरात में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। रिजवानुल्लाह की गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश पस्त हो गया। उसकी पूरी टीम सिर्फ 138 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान ने 22वें ओवर में आसानी से जीत हासिल कर ली। अब्दुल कादिर ने छक्का लगाकर शानदार तरीके से मैच को खत्म किया और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
रिजवानुल्लाह ने खोला पंजा
रिजवानुल्लाह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 30 रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सय्यम को दो सफलता मिली। बांग्लादेश की ओर से सिर्फ अब्दुल्लाह अल मुही का बल्ला चला।
अब्दुल्लाह ने 45 गेंदों में 50 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाजी बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहा। बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ 31.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। रिजवानुल्लाह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान की आसान जीत
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने टीम को आसानी से जीत दिला दी। हयाम खान ने 72 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया।
वहीं, उस्मान खान ने नाबाद 54 गेंदों में 64 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी हुई। दोनों की बेहतरीन पारियों ने बांग्लादेश को मैच से बाहर कर दिया।
पाकिस्तान ने 21.5 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी के साथ उसने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली।
यह भी पढ़ें- IND U19 vs AFG U19 Live: भारत को लगा पहला झटका, आर्यवीर सहवाग अर्धशतक लगाकर हुए आउट