विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Irani Cup 2026: जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों का श्रीनगर में गदर, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने टेके घुटने

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:58 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच ईरानी कप के पहले दिन श्रीनगर में गेंदबाजों का दबदबा रहा। जम्मू-कश्मीर के सुनील ...और पढ़ें

ईरानी कप 2026

ईरानी कप 2026

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में रणजी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच खेले जा रहे ईरानी कप के पहले दिन गुरुवार का खेल पूरी तरह गेंदबाजों के नाम रहा। मेजबान जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज घरेलू मैदान में पूरी तरह से हावी दिखे।

सुनील कुमार और लोन नासिर की धारदार गेंदबाजी की बदौलत शेष भारत की टीम 68.1 ओवर में 237 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। जवाब में जम्मू-कश्मीर ने खेल समाप्त होने तक दो विकेट गंवाकर 21 रन बना लिए थे। हरी घास वाली मददगार पिच पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शेष भारत की टीम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई।

जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने मचाया गदर

गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर शेष भारत के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम पहली पारी में 68.1 ओवर का सामना करते हुए 237 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। शेष भारत से स्मरण रविचंद्रन ने सर्वाधिक 68 रन बनाए। शिखर मोहन ने 60 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। स्मरण ने 83 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के से 68 रन बनाए।

ऋषभ पंत हुए फ्लॉप

शिखर मोहन ने 118 गेंदों में नौ चौकों व एक छक्के से 60 रन का योगदान दिया। सरफराज खान ने 97 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 45 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत 10 रन ही बना सके। शिखर मोहन और सरफराज के बीच तीसरी विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी हुई।

जम्मू-कश्मीर से गेंदबाज सुनील और लोन ने तीन-तीन विकेट चटकाए। सुनील ने 36 रन देकर और लोन नासिर ने 59 रन देकर तीन-तीन विकेट झटकाए। उमर ने दो, साहिल व आबिद मुश्ताक ने एक-एक विकेट झटके। वहीं जम्मू-कश्मीर ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट गंवाकर 21 रन बना लिए हैं।

यह भी पढ़ें- IND A vs AUS A: साई सुदर्शन फिर हुए फ्लॉप, घर में ही घिरी टीम इंडिया; ऑस्ट्रेलिया ने भारत ए को मुश्किल में डाला

यह भी पढ़ें- 'ये मेरे लिए बहुत जरूरी है', विश्व कप 2027 में क्यों खेलना चाहते हैं रोहित शर्मा? हिटमैन ने बताई पूरी सच्चाई