IND W vs SL W: भारतीय बेटियों का गोल्डन परफॉर्मेंस, श्रीलंका को रौंद हासिल किया सोने का तमगा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-2026 में श्रीलंका को मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। श्रीलंकाई टीम को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा है।

स्मृति मंधाना ने खेली तूफानी पारी
HighLights
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता गोल्ड
श्रीलंका को फाइनल में दी पटखनी
श्रीलंका ने सिल्वर तो पाकिस्तान ने जीता ब्रॉन्ज
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने एशियन गेम्स गोल्ड मेडल का शानदार तरह से बचाव किया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने आइची-नागोया एशियन गेम्स-2026 मंगलवार को श्रीलंका को 147 रनों से हराते हुए अपने गोल्ड मेडल को बचाव किया और इसे अपने पास ही रखा है। ये इन खेलों में भारत का पहला गोल्ड है।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना के शानदार 79 रनों के दम पर 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 216 रन बनाए। श्रीलंकाई टीम इस स्कोर के सामने 15.4 ओवरों में 69 ढेर हो गई। भारत ने जो स्कोर बनाया वो एशियाई खेलों के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है जिसके सामने श्रीलंका नतमस्कत हो गई।
भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाया दम
मंधाना की 45 गेंदों की पारी में सात छक्के और पांच चौके शामिल रहे। उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े और 17वें ओवर में आउट हुईं। अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर पारी को शानदार ढंग से खत्म किया। शेफाली महज दो रनों से अर्धशतक से चूक गईं। उन्होंने 29 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर सिर्फ 19 रन ही बना सकीं।
टॉस जीतने के बाद टीम ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया और मंधाना और शेफाली ने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 59 रन बनाए। इस जोड़ी ने फाइनल में 60 गेंदों में 99 रनों की साझेदारी करके टीम की जीत में अहम योगदान दिया। मंधाना और शेफाली की ये साझेदारी काफी मजबूत हो रही थी। शेफाली एक और अर्धशतक के करीब थीं। तभी लेफ्ट-आर्म स्पिनर चमुडी प्रबोदा की गेंद पर वह रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने निराश किया और सस्ते में आउट हो गईं।
हालांकि, मंधाना शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक की ओर बढ़ रही थीं। तभी उन्होंने एक बड़ा शॉट खेलना चाहा और कुमारी की गेंद पर कैच आउट हो गईं। इसके बाद ऋचा ने अपना तूफान दिखाया और नाबाद 49 रन बनाए। उनकी ये पारी टीम को 200 के पार ले जाने में सफल रही।
गेंदबाजों ने किया कमाल
श्रीलंका को ये रिकॉर्ड चेज करना था जो नामुमकिन सा लग रहा था। भारतीय गेंदबाजों ने इसे और मुश्किल बना दिया। श्रीलंकाई बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करती रहीं। कप्तान चमारी अटापट्टी ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके मारे। शेफाली ने इमेशा दुलानी को आउट कर भारत को पहला विकेट दिलाया। वह तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुईं। यहां से भारतीय टीम लगातार विकेट लेती रही। ये सिलसिला 16 ओवर की चौथी गेंद पर रुका जब श्रेयांका पाटिल ने कौशिनी को आउट किया।
भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए। शेफाली, श्रेयांका और श्रीचरणी के हिस्से दो-दो विकेट आए।
