विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: संजू सैमसन की तूफानी पारी गई बेकार, शाई होप के शतक से वेस्टइंडीज ने जीता हाई-स्कोरिंग मैच

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:48 PM (IST)

शाई होप की कप्‍तानी पारी की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने दूसरे टी20 में भारत को 6 विकेट से हराया।

संजू और शाई

संजू और शाई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। लखनऊ में 11 रन बनाकर आलोचनाओं से घिरे संजू सैमसन (82) का शुक्रवार को रांची में बल्‍ला गरजा। जेएससीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में उन्‍होंने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। संजू के अर्धशतक की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए।

शाई होप (102*) की कप्‍तानी पारी की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने 250 रन के टारगेट को 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर चेज कर लिया। यह विंडीज टीम का सबसे सफल रन चेज भी है। इसके साथ ही मेहमान टीम ने दूसरा मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया और 5 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी की।

मेंस T20I में सबसे बड़े टारगेट चेज

  • 259: दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2023
  • 250: वेस्टइंडीज बनाम भारत, रांची, 2026
  • 244: ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 2018
  • 244: बुल्गारिया बनाम जिब्राल्टर, सोफिया, 2025
  • 243: बुल्गारिया बनाम सर्बिया, सोफिया, 2022
  • 232: वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2015
  • 230: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, मुंबई, 2016

मेंस T20I में सर्वाधिक कुल रन वाले मैच

  • 517 - दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2009
  • 501 - भारत बनाम वेस्टइंडीज, रांची, 2026
  • 499 - भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई WC, T20 WC 2026 सेमीफाइनल
  • 496 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
  • 489 - वेस्टइंडीज बनाम भारत, लॉडरहिल, 2016
 
 

संजू का तूफान आया

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी। अभिषेक ने 12 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन का तूफान आया। उन्‍हें ईशान किशन का साथ मिला। संजू ने 21 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ओर से संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले विराट कोहली ने भी 2019 में वानखेड़े में 21 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी। हालांकि, इस दौरान संजू को कुछ जीवनदान भी मिले। इसका उन्‍होंने भरपूर फायदा उठाया।

फिफ्टी से चूके ईशान

संजू और ईशान किशन (43 रन) के बीच दूसरे विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 97 रनों की धमाकेदार साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत भारत ने शुरुआती 8 ओवरों में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। इस खतरनाक दिख रही जोड़ी को रोस्टन चेज ने ईशान को बोल्ड करके तोड़ा। 4 नंबर पर उतरे शिवम दुबे 7 रन ही बना सके।

15वें ओवर में संजू बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हुए। भारतीय विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने 41 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में संजू ने 9 चौकों के साथ ही 4 छक्‍के भी लगाए। संजू के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने रन गति को थमने नहीं दिया।

अय्यर ने बनाए 40 रन

कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभालते हुए 18 गेंदों में 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाए। तिलक ने मैच के आखिरी ओवर में रोमारियो शेफर्ड की गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़ते हुए 44 रन बनाए और नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर रोस्टन चेज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

मयंक ने दिए 2 झटके

250 रन चेज करने उतरी वेस्‍टइंडीज को मयंक यादव ने पहले ही ओवर में 2 झटके दिए। लखनऊ में हुए पहले टी20 में मयंक महंगे साबित हुए थे। हालांकि, रांची में मयंग की रफ्तार का कहर देखने को मिला। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मयंक ने कामिल पूरन को रवि बिश्‍नोई के हाथों कैच आउट कराया। अगली गेंद पर भारतीय तेज गेंदबाज ने शिमरोन हेटमायर को बोल्‍ड किया।

5 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद भी इनफॉर्म शाई होप दबाव में नहीं आए। उन्‍होंने रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर बड़े शॉट लगाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी हुई। छठे ओवर की पहली गेंद पर मयंक ने अपनी रफ्तार से रोवमैन पॉवेल को बोल्‍ड‍ किया।

 

 

मयंक की रफ्तार

मयंक यादव की 149.5 kmph की रफ्तार वाली गेंद पर रोवमैन पॉवेल बोल्ड हो गए। उनका ऑफ स्टंप उखड़कर दूर जा गिरा। सही लेंथ की गेंद ने पॉवेल को चौंका दिया, जब वह उसे क्रॉस-लाइन खेलने की कोशिश कर रहे थे। गेंद उनके पिछले पैड को छूती हुई ऑफ स्टंप से जा टकराई। पॉवेल ने 13 गेंदों पर 24 रन बनाए। पावरप्‍ले तक वेस्‍टइंडीज ने 3 विकेट खोकर 72 रन बना लिए थे। T20I में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का 72/3 पावरप्ले का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे बेहतर स्कोर सिर 2016 में लॉडरहिल में बना 78/0 का स्कोर था।

कप्‍तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड के बीच चौथे विकेट के लिए 54 गेंदों पर 120 रनों की पार्टन‍रशिप हुई। इस साझेदारी को चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने तोड़ा। 15वें ओवर की पहली गेंद पर उन्‍होंने रदरफोर्ड का शिकार किया। रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन ठोके।

T20I में वेस्टइंडीज के लिए चौथे या उससे निचले विकेट के लिए शतकीय पार्टनरशिप

  • 139: आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड बनाम ऑस्ट्रेलिया, पर्थ, 2024
  • 120: शाई होप, शेरफेन रदरफोर्ड बनाम भारत, रांची, 2026
  • 103: शिमरोन हेटमायर, ड्वेन ब्रावो बनाम ऑस्ट्रेलिया, ग्रोस आइलेट, 2021
कप्‍तान शाई होप ने सिक्‍स के साथ अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई। होप ने 45 गेंदों पर 102 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में 9 छक्‍के और 6 चौके लगे। रोमारियो शेफर्ड ने 34* रन बनाए। भारत की ओर से मयंक यादव को 3 और कुलदीप यादव को 1 सफलता मिली। 

वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज T20I शतक

  • 39 गेंद: जॉनसन चार्ल्स बनाम SA, सेंचुरियन, 2023
  • 45 गेंद: शाई होप बनाम IND, रांची, 2026
  • 47 गेंद: क्रिस गेल बनाम ENG, मुंबई WS, 2016
  • 48 गेंद: एविन लुईस बनाम IND, लॉडरहिल, 2016
  • 50 गेंद: क्रिस गेल बनाम SA, जोहान्सबर्ग, 2007

यह भी पढ़ें- IND vs WI 2nd T20 Live Score: कप्‍तान शाई होप का तूफानी शतक, 249 रन बनाने के बाद भी हारी भारतीय टीम

यह भी पढ़ें- IND vs WI: एमएस धोनी के घर में संजू सैमसन की तबाही, 'विराट रिकॉर्ड' की बराबरी कर डाली