India vs Japan T20I: जापान ने लड़ी 'समुराई' वाली लड़ाई, टीम इंडिया को संघर्ष करते हुए मिली जीत
IND vs JPN Historic T20I Match Result: बारिश के कारण ये मैच 20 की जगह पांच ओवर प्रति पारी का कर दिया गया था जिसमें भारत ने जीत हासिल की।

भारत ने जापान को दी मात
HighLights
भारत ने जापान को दी मात
भारत को दो रनों से मिली जीत
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जापान के खिलाफ खेले गए पहले मैच में संघर्ष के साथ जीत हासिल की है। उम्मीद ये की जा रही था कि इस मैच में भारतीय बल्लेबाज रनों की बारिश करेंगे। ऐसा हो नहीं पाया। बारिश के काऱण मैदान गीला था और इसी कारण पांच ओवर प्रति पारी का मैच हुआ और जापान ने भी तगड़ी लड़ाई लड़ी जिसके चलते टीम इंडिया को सिर्फ दो रनों से ही जीत मिली।
बारिश के कारण विकेट काफी धीमा था जिस पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बमुश्किल भारत ने पांच ओवरों में पच विकेट के नुकसान पर 32 रनों का स्कोर खड़ा किया। जापान इस स्कोर के काफी पास पहुंच गया था। आखिरी ओवर में उसे आठ रन चाहिए थे जो अक्षर पटेल ने बनने नहीं दिए और जापान तीन विकेट खोकर 30 रन ही बना सका।
भारतीय बल्लेबाज फेल
जापान की टीम विश्व क्रिकेट में अभी अपनी पहचान बना रही है जबकि भारत विश्व विजेता है और उसके पास तूफानी बल्लेबाज हैं। इसलिए लग रहा था कि इस मैच में रनों की बारिश होगी, लेकिन जापान ने भारत का स्कोर 50 के पार जाना भी मुश्किल कर दिया। चौके-छक्कों की बारिश करने वाली टीम इंडिया ने इस मैच में कुल दो ही चौके मारे जबकि एक भी छक्का नहीं लगा। भारतीय पारी में अभिषेक शर्मा पहले ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। वह गोल्डन डक हुए यानी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर संजू सैमसन भी पवेलियन लौट लिए। संजू ने सात गेंदों पर नौ रन बनाए।
ईशान किशन ने काफी कोशिश कि वह रन बटोरें। इसके लिए उन्होंने कई बार रिवर्स स्वीप, स्वीप भी ट्राय किए जो असफल रहे। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर उनका विकेट भी गिर गया। ईशान ने तीन रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाले रखा। वह टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। अय्यर के बल्ले से 12 गेंदों पर 16 रन निकले। वह पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। तिलक वर्मा एक रन बनाकर आउट हुए।
जापान ने लड़ी लड़ाई
33 रनों का टारगेट जापान के लिए आसान था, लेकिन विकेट मुश्किल। फिर भी जापान ने लड़ाई लड़ी। पहला ओवर लेकर आए अक्षर पटेल की पांचवीं गेंद पर लाचलान, ईशान किशन की डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट हो गए। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर सुंदर ने इब्राहिम ताकाहाशी को चार रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर सुंदर ने जापानी कप्तान केंडेल फ्लेमिंग को भी पवेलियन की राह दिखाई।
आखिरी ओवर में जापान को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। अक्षर ने इस ओवर में दो वाइड फेंकी, लेकिन एक पर विरोध किया जिस पर फैसला बदल दिया गया। जापान की टीम आखिरी ओवर में जरूरी रन नहीं बना पाई और भारत ने संघर्ष करते हुए जीत हासिल की।
