विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND W vs SL W: शेफाली-स्मृति के दम पर भारत ने श्रीलंका को रौंदा, 8वीं बार एशिया कप जीतकर पुराना हिसाब भी बराबर किया

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:23 PM (IST)

महिला एशिया कप 2026 का खिताब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया है।

शेफाली वर्मा-स्मृति मंधाना

शेफाली वर्मा-स्मृति मंधाना

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के अर्धशतकों के दम पर भारत ने महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने रिकॉर्ड 8वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। महिला एशिया कप के अब तक 10 संस्करण खेले गए हैं और टीम इंडिया ने हर बार फाइनल में जगह बनाई और 8वीं बार ट्रॉफी जीती।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 111 रन बना सकी और भारतीय टीम ने मैच को 72 रनों से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर की टीम ने श्रीलंका से दो साल पुराना हिसाब भी बराबर कर लिया है। भारतीय टीम को श्रीलंका ने 2024 एशिया कप के फाइनल में हराया था और अब टीम इंडिया ने उनके खिलाफ फाइनल जीत लिया है।

शेफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया थ। इसके बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। दोनों ने ताबड़तोड़ बैटिंग की और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। शेफाली ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया, जबकि स्मृति एक छोर पर डटी हुई थी। शेफाली ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की खबर लेते हुए 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया।

शेफाली की ये टी20 इंटरनेशनल में 21वीं फिफ्टी थी। वे महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। शेफाली तूफानी अंदाज में बैटिंग कर रही थीं लेकिन श्रीलंका की चमुडी प्रबोदा ने उनकी इनिंग पर ब्रेक लगा दिया। शेफाली 39 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रनों की पारी खेलकर आउट हो गईं।

स्मृति मंधाना ने भी जड़ा अर्धशतक

मंधाना ने शुरुआत में पहले समय लिया लेकिन जब उनकी नजरें टिक गई, तो ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। मंधाना ने 34 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी। मंधाना और शेफाली के बीच पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी हुई। मंधाना ने 39 गेंदों पर 59 रन बनाए और आउट हो गईं।

मंधाना-शेफाली की रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप

मंधाना और शेफाली ने शतकीय साझेदारी कर कई रिकॉर्ड बनाए। इन दोनों के बीच महिला टी20 इंटरनेशनल में ये छठी शतकीय साझेदारी थी। टी20 क्रिकेट में ये किसी भी विकेट लिए सबसे अधिक है। यूएई की इशा ओझा और त्रीथा सतीश ने भी 6 बार ये कारनामा किया था। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स और सोफी डिवाइन के बीच 5 बार शतकीय साझेदारी हुई थी।

शेफाली-मंधाना लिस्ट में टॉप पर पहुंची

महिला टी20 एशिया कप में अब सबसे बड़ी साझेदारी करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अपने नाम कर लिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड भारत की ही जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के नाम पर दर्ज था, जिन्होंने साल 2022 में यूएई के खिलाफ 128 रनों की साझेदारी की थी। तीसरे नंबर पर दयालन हेमलता और शेफाली वर्मा का नाम है, जिनके बीच 2024 में नेपाल महिला टीम के खिलाफ 122 रनों साझेदारी हुई थी।

भारत का मिडिल ऑर्डर फिर से लड़खड़ाया

महिला एशिया कप में भारत के सलामी बल्लेबाज बैटिंग में रीढ़ के हड्डी रहे हैं। मंधाना और शेफाली ने टीम इंडिया के लिए हर मैच में रन बनाए हैं। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मुकाबले में शतक लगाया था। हालांकि, मध्यक्रम लगातार फ्लॉप रहा है। खासकर कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला नहीं चला है। कौर फाइनल में भी 14 रन बनाकर आउट हो गई। भारत ने 13 ओवरों में 130 रन बना लिए थे। आखिरी के 7 ओवरों में टीम इंडिया मात्र 53 रन बना सकी और 3 विकेट गंवाए।

पावरप्ले में भारतीय गेंदबाजों का शिकंजा

184 रनों के जवाब में श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी। हालांकि, उतनी शुरुआत अच्छी नहीं रही और इमेशा दुलानी को क्रांति गौड़ ने आउट कर चार रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद कप्तान चमारी अटापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पावरप्ले में विकेट नहीं दिए लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। पावरप्ले में श्रीलंकाई टीम एक विकेट के नुकसान पर 38 रन बना सकी।

दीप्ति शर्मा और श्री चरणी के कमाल से जीता भारत

भारत के स्पिनरों ने महिला एशिया कप 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया है। फाइनल मुकाबले में भी यही देखने को मिला। भारत की दीप्ति शर्मा और श्री चरणी श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए काल बन गई। दोनों ने मिलकर श्रीलंका के सात बल्लेबाजों को मैदान से बाहर भेजा। दीप्ति ने चार, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए। इन दोनों के अलावा क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को एक-एक विकेट मिला।

भारत ने 8वीं बार जीता खिताब

भारत ने महिला एशिया कप का खिताब 8वीं बार अपने नाम किया है। भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 183 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 111 रनों पर सिमट गई और उन्हें मैच में 72 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने अब तक 10 फाइनल खेले हैं और दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। एक बार भारत को फाइनल में बांग्लादेश ने हराया था, जबकि 2024 में श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- IND W vs SL W Final Live: शेफाली-स्मृति के बाद स्पिनरों ने दिखाया कमाल, भारत ने 8वीं बार जीता एशिया कप का खिताब

यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20I: छोटी सी गलती से आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ भारत-अफगानिस्तान मैच