विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs AFG 1st T20I: छोटी सी गलती से आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ भारत-अफगानिस्तान मैच

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:09 PM (IST)

भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार को खेले गए पहले टी-20 मुकाबले की शुरुआत एक छोटी सी गलती के कारण आधे घंटे की देरी से हुई।

भारत ने जीता मैच।

भारत ने जीता मैच।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले की शुरुआत एक छोटी सी गलती के कारण आधे घंटे की देरी से हुई। मैच का निर्धारित समय शाम सात बजे था, लेकिन फोटोशूट के दौरान मैच का समय 7:30 बजे प्रिंट हो गया। इसके चलते मुकाबला निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका और आयोजकों को इसे आधे घंटे बाद शुरू कराना पड़ा।

दरअसल, भारत और अफगानिस्तान की टीमों के फोटोशूट से जुड़े प्रिंट में मैच शुरू होने का समय सात बजे के बजाय 7:30 बजे छप गया। वहीं, मैच की टिकट पर शुरुआत का समय शाम सात बजे ही दर्ज था। समय को लेकर हुई इस गड़बड़ी के कारण आयोजकों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई। अंतत: मैच को शाम 7:30 बजे शुरू कराया गया।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि समय में यह गलती फोटोशूट के लिए डिजाइन तैयार करने वाले व्यक्ति की ओर से हुई या फोटोशूट के दौरान किसी अन्य स्तर पर हुई। इस छोटी सी चूक का असर मैच के पूरे कार्यक्रम पर पड़ा। दर्शकों को भी मुकाबला शुरू होने के लिए अतिरिक्त आधे घंटे का इंतजार करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के आयोजन में समय को लेकर हुई इस गड़बड़ी ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।

 

 

मुकाबले का हाल

मुकाबले की बात करें तो भारत ने इसे 7 विकेट से अपने नाम किया। टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी अफगानिस्‍तान टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए थे। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 44 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, मोहम्‍मद नबी ने 33 रन बनाए।

157 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने 38 गेंद पहले ही चेज कर लिया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 256.25 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की और 32 गेंदों पर 82 रन कूट दिए। इस दौरान उन्‍होंने 7 चौके और इतने ही छक्‍के ठोके। ईशान किशन ने भी 42 रनों का योगदान दिया।

 

 

यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20I: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़ी अफगानिस्‍तान टीम, पहले टी20 में भारत की धमाकेदार जीत

यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह का एक और 'महारिकॉर्ड': अफगानिस्तान के खिलाफ चमके जस्सी, चहल-भुवनेश्वर के क्लब में मारी एंट्री