विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs AFG 1st T20I: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़ी अफगानिस्‍तान टीम, पहले टी20 में भारत की धमाकेदार जीत

Published: Sun, 13 Sep 2026 10:34 PM (IST)

अभिषेक शर्मा (82) की तूफानी बल्‍लेबाजी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी20 मुकाबले में रविवार को अफगानिस्‍तान टीम को 7 विकेट से हराया।

भारत ने जीता मैच

भारत ने जीता मैच

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। अर्शदीप सिंह के 3 विकेट के बाद अभिषेक शर्मा (82) की तूफानी बल्‍लेबाजी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी20 मुकाबले में रविवार को अफगानिस्‍तान टीम को 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रेयस अय्यर की कप्‍तानी में घर पर भारत की यह पहली जीत है।

भारत ने जीता टॉस

दिल्‍ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी के परखच्चे उड़ा दिए। टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 156 रन बनाए। भारतीय टीम ने पावरप्ले में ही अफगानिस्तान की आधी ताकत खत्म कर दी थी।

हालांकि, फिर मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई ने 83 रन की साझेदारी कर पारी को पटरी पर लौटाया। अंत में ओमरजई ने आखिरी ओवर में 21 रन कूटकर टीम को सम्मानजनक स्कोर (156) तक पहुंचाया। 157 रन के टारगेट को भारत ने 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर चेज कर लिया।

 

 

बुमराह ने दिया पहला झटका

अफगानिस्तान की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। चोट के बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने पारी की दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही उन्‍होंने टी20 में 350 विकेट पूरे किए। वह भुवनेश्‍वर कुमार (363) और युजवेंद्र चहल (396) के बाद ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बने।

कप्‍तान हुए रन आउट

इसके बाद कप्तान इब्राहिम जादरान ने डीप मिड-विकेट की ओर शॉट खेलकर दूसरा रन लेने की कोशिश की, लेकिन ईशान किशन के सटीक थ्रो ने उनकी पारी 11 रन पर ही खत्म कर दी।

पांचवें ओवर में अर्शदीप सिंह ने सादिक अटल को 13 रन पर चलता किया। ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर अटल का बल्ला खुला और शॉर्ट थर्ड मैन पर तैनात बुमराह ने आसान कैच लपक लिया। अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने गुलबदीन नईब को सिर्फ दो रन पर चलता कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया। नईब के बल्ले का किनारा लेकर गई गेंद को नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार कैच में बदल दिया।

छह ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 41 रन था। सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने दरवेश रसूली को दो रन पर बोल्ड कर दिया। 10 ओवर के बाद अफगानिस्‍तान का स्‍कोर 5 विकेट के नुकसान पर 56 रन था।

नबी-ओमरजई ने संभाला

लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज अफगानिस्तान को बेहद मामूली स्कोर पर समेट देंगे, लेकिन मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 58 गेंदों में 83 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों के दबाव को कुछ देर के लिए बेअसर कर दिया। नबी ने 27 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन बनाए।

17वें ओवर में अर्शदीप ने नबी को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद 19वें ओवर में अर्शदीप ने राशिद खान को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट पूरा किया। राशिद 10 गेंदों में सिर्फ एक रन बना सके। इसी ओवर में नूर अहमद भी खाता खोले बिना श्रेयस अय्यर के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।

आखिरी ओवर में ओमरजई ने जड़े 21 रन

एक छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन ओमरजई ने हथियार नहीं डाले। आखिरी ओवर में शिवम दुबे की पहली गेंद पर वह शांत रहे, लेकिन अगली गेंदों पर ऐसा हमला बोला कि भारत के हाथ से ओवर फिसल गया। ओमरजई ने दो छक्के और दो चौके लगाकर आखिरी ओवर से 21 रन बटोर लिए। उन्होंने 44 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। मुजीब उर रहमान नौ रन पर नाबाद रहे।

अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 115 रन जोड़े, लेकिन इस दौरान चार विकेट भी गंवाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल रहे और उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट झटके। बुमराह, अक्षर और वरुण को एक-एक सफलता मिली।

 

अभिषेक ने बनाया रिकॉर्ड

157 रन चेज करने उतरी भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर में सिक्‍स लगाया। इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में उनके 6000 रन भी पूरे हुए। वह टी20 में दूसरे सबसे कम गेंदों पर 6000 रन बनाने वाले बल्‍लेबाज बने।

सबसे तेज 6000 T20 रन (गेंद)

  • 3386 गेंद: फिन एलन
  • 3420 गेंद: अभिषेक शर्मा *
  • 3550 गेंद: आंद्रे रसेल
  • 3681 गेंद: टिम डेविड
  • 3857 गेंद: विल जैक्स/ फिल सॉल्ट

तीसरे ओवर की पहली गेंद पर भारत को पहला झटका लगा। अजमतुल्लाह ओमरजई ने संजू सैमसन को आउट किया। संजू ने 2 चौकों की मदद से 8 गेंदों पर 10 रन बनाए। इसके बाद 3 नंबर पर उतरे ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा का भरपूर साथ दिया। अभिषेक ने 22 गेंदों पर अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की 12वीं फिफ्टी लगाई।

अभिषेक का तूफान

अभिषेक ने 7 चौकों और 7 छक्‍कों की मदद से 32 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली। अभिषेक और ईशान किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 121 रन की साझेदारी हुई। मोहम्‍मद नबी ने यह साझेदारी तोड़ी। उन्‍होंने अभिषेक को राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया। कप्‍तान श्रेयस अय्यर 8 और तिलक वर्मा 3 रन बनाकर नाबाद रहे।

 

 

यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह का एक और 'महारिकॉर्ड': अफगानिस्तान के खिलाफ चमके जस्सी, चहल-भुवनेश्वर के क्लब में मारी एंट्री

यह भी पढ़ें- IND vs AFG 1st T20I: इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में पहली बार गाया गया वन्दे मातरम्