IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स के तूफान ने रोका भारत का विजयी रथ, ऑकलैंड में फहरी न्यूजीलैंड की विजयी पताका
भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड में लगातार तीन जीत के बाद हार का सामना करना पड़ा है। ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 में न्यूजीलैंड ने भारत को हरा दिया।

ग्लेन फिलिप्स ने जड़ा तूफानी शतक
HighLights
न्यूजीलैंड को मिली पहली जीत
तीन मैचों बाद हारी टीम इंडिया
ग्लेन फिलिप्स ने जड़ा तूफानी शतक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आखिरकार न्यूजीलैंड में भारतीय टीम का विजयी रथ रुक गया। शुक्रवार को ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स के शतक के दम पर सात विकेट खोकर 259 रन बनाए। टीम इंडिया इस विशाल स्कोर के सामने 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी।
फिलिप्स ने 49 गेंदों पर छह चौके और 10 चौकों की मदद से 107 रन बनाए। उनके अलावा माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर चार चौके और छह छक्कों की मदद से 65 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
फिलिप्स ने काटा गदर
न्यूजीलैंड को शुरुआत तो अच्छी नहीं मिली थी। मयंक यादव ने तीन ओवरों में ही उसके दो विकेट उखाड़ दिए थे। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर टिम सीफर्ट (3) को पवेलियन भेजा तो वहीं तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर डेरिल मिचेल को आउट किया। मिचेल 24 रन बनाने में सफल रहे। फिन एलन भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अक्षर पटेल ने सातवें ओवर में उनको भी पवेलियन भेज दिया। मयंक ने फिर बेवन जैकब्स (7) को भी अपना शिकार बना लिया।
इसके बाद फिलिप्स और ब्रेसवेल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और यहां से भारत की पकड़ ढीली होती चली गई। दोनों ने मिलकर ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की जिसे देख भारतीय गेंदबाज कांपते रहे गए। ब्रेसवेल को 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रिंस यादव ने आउट कर दिया। यहां टीम का स्कोर 227 रन था। फिलिप्स अभी भी क्रीज पर थे और उन्होंने 46 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर नीतीश ने उनकी पारी का अंत कर दिया।
यह टी20 में न्यूजीलैंड का अभी तक का सर्वोच्च स्कोर है। भारत के लिए किसी भी लिहाज से यह टारगेट हासिल करना आसान नहीं था। हालांकि, जिस तरह की बल्लेबाजी भारत के पास है उससे उम्मीदें जरूर थीं।
भारत की खराब शुरुआत
हालांकि, भारत को वैसी शुरुआत नहीं मिली जिसकी जरूरत थी। पहले ही ओवर में जैकब डफी ने मेहमान टीम को दो झटके दे दिए। पहली गेंद पर चौका मारने वाले संजू सैमसन दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हुए। उम्मीदें अभिषेक शर्मा से थीं जो पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर मैथ्यू फिशर का शिकार बन गए। उन्होंने 15 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।
यहां से भारतीय टीम बैकफुट पर थी और एडम मिल्ने ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर अय्यर को बोल्ड कर उसे एक और झटका दे दिया। अय्यर ने 11 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाए। फिर मिचेल सैंटनर ने नौवें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल की पारियों का अंत कर भारत की हार कय कर दी। नीतीश ने 21 रन बनाए तो अक्षर सात रनों से आगे अपनी पारी नहीं ले जा सके।
तिलक वर्मा ओर नमन धीर से चमत्कार की उम्मीद थी, दोनों इस बार चमत्कार नहीं कर सके। नमन धीर 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। उनके बल्ले से 13 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन निकले। अर्शदीप सिंह को डफी ने अपना चौथा शिकार बना भारत का आठवां विकेट गिरा दिया। वह खाता नहीं खोल पाए। तिलक का विकेट 19वें ओवर की चौथी गेंद पर गिरा। उन्होंने 35 गेंदों पर 35 रन बनाए और टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे।
