विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: शुभमन गिल ने वनडे सीरीज के लिए शुरू की तैयारियां, माथे पर लगे स्मार्ट डिवाइस ने खींचा ध्यान

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:51 PM (IST)

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए ऑकलैंड में अभ्यास शुरू कर दिया है। ...और पढ़ें

शुभमन गिल

शुभमन गिल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, ऑकलैंड। भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड के विरुद्ध चार नवंबर से होने वाली वनडे सीरीज की तैयारियों में जुट गए हैं। ऑकलैंड में टी-20 टीम से जुड़ने के बाद गिल ने नेट्स पर अभ्यास किया। उन्होंने नेट्स पर बल्लेबाजी की तैयारी करने से पहले बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से बातचीत भी की।

गिल अपने करीबी दोस्त और भारतीय टी-20 टीम के आरंभिक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से भी चर्चा करते दिखे। गिल के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ भी भारतीय टीम से जुड़ गए हैं। ग्रोइन की चोट से उबर रहे ईशान किशन ने भी नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। राहुल ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

शुभमन गिल के लिए न्यूजीलैंड साबित होगा चुनौती

गिल के लिए पिछले एक साल में चुनौतियां कम नहीं रही हैं। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया का दौरा उनके लिए मुश्किल रहा था, जबकि इस साल इंग्लैंड में भारत को सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इंग्लैंड के विरुद्ध पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में गिल ने 754 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था।

न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज के बाद गिल 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह चार से पांच नेट गेंदबाजों पर व्यक्तिगत रूप से खर्च कर रहे हैं, ताकि अपनी तैयारियों को और मजबूत कर सकें।

गिल के माथे पर दिखा फिटनेस ट्रैकिंग उपकरण

अभ्यास सत्र के दौरान गिल के माथे पर ‘टेंपल’ नाम का फिटनेस ट्रैकिंग उपकरण लगा नजर आया। इस उपकरण को जोमैटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल से जुड़ी टीम ने विकसित किया है। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू भी अगस्त में विश्व चैंपियनशिप के दौरान इसे पहने नजर आई थीं।

माथे के कनपटी वाले हिस्से पर लगाया जाने वाला यह उपकरण पारंपरिक फिटनेस बैंड की तरह केवल हृदय गति, गतिविधि और नींद पर ध्यान नहीं देता, बल्कि मस्तिष्क में रक्त प्रवाह और उससे जुड़े शारीरिक संकेतों को मापने के लिए बनाया गया है। इसकी ‘ब्रेनफ्लो’ तकनीक आप्टिकल सेंसर के जरिये रक्त प्रवाह में बदलाव दर्ज करती है।

यह ऑक्सीजन स्तर और मानसिक कार्यभार से जुड़े संकेतों का आकलन करने का भी प्रयास करता है। इसका ‘एंट्रापी स्कोर’ व्यायाम, नींद और तनाव से प्रभावित शारीरिक दबाव का संकेत देने के लिए बनाया गया है।

 यह भी पढ़ें- शुभमन गिल ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो को छोड़ा पीछे, आसपास भी नहीं टिकते विराट-धोनी और रोहित शर्मा

यह भी पढ़ें- SA vs AUS: जोश इंग्लिस के ऐतिहासिक शतक से ऑस्ट्रेलिया ने कसा शिकंजा, साउथ अफ्रीका पर मंडाराया सीरीज हार का खतरा