विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs AFG: नीतीश-अर्शदीप का कमाल फिर संजू सैमसन ने मचाया कोहराम, भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ जीती T20I सीरीज

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:24 PM (IST)

अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में संजू सैमसन के अर्धशतक के दम पर भारत ने जीत हासिल ...और पढ़ें

नीतीश कुमार रेड्डी-संजू सैमसन

नीतीश कुमार रेड्डी-संजू सैमसन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के बाद संजू सैमसन ने अर्धशतक ठोक कर अफगानिस्तान के सीरीज में वापसी करने का सपना तोड़ दिया। मंगलवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मैच को टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की ये लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीत है।

अफगानी टीम के बल्लेबाज पहले मैच की तरह ही इस मुकाबले में भी बेबस नजर आए। भारतीय गेंदबाजों ने अफगानियों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। हालांकि, इब्राहिम जादरान की कप्तानी वाली टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 159 रन बनाए। भारत ने 160 रनों के लक्ष्य को 14.5 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पारी का पहला ओवर मेडन फेंककर मेजबान टीम को साफ संदेश दे दिया कि भारतीय गेंदबाजों के सामने रन बनाना आसान नहीं होगा। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। गुरबाज लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल सके। अफगानिस्तान के लिए यह शुरुआत किसी बड़े झटके से कम नहीं थी।

रेड्डी ने तोड़ी साझेदारी

गुरबाज के जल्दी आउट होने के बाद इब्राहिम जादरान ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह को दो चौके लगाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की। पावरप्ले के छह ओवर में अफगानिस्तान ने एक विकेट पर 41 रन बनाए। जादरान और सेदीकुल्लाह अटल ने दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 51 रन की साझेदारी की। ऐसा लगा कि अफगानिस्तान अब शुरुआती झटके से उबर रहा है, लेकिन नीतिश कुमार रेड्डी ने नौवें ओवर में जादरान को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराकर साझेदारी तोड़ दी।

इसके बाद 10वें ओवर में रवि बिश्नोई ने अटल को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराकर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया। 11वें ओवर में नीतीश ने गुलबदीन नैब को संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर भारत को चौथी सफलता दिलाई। वहीं भारत के खिलाड़ी चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह रवि बिश्नोई को अंतिम एकादश में शामिल किया।

जीवनदान मिला, फायदा नहीं उठा सके ओमरजई

12वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर रवि बिश्नोई ने अजमतुल्लाह ओमरजई का आसान कैच छोड़ दिया। अफगानिस्तान को उम्मीद थी कि जीवनदान के बाद ओमरजई पारी को संभालेंगे, लेकिन वह भी भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके। 14वें ओवर में अक्षर की गेंद पर तिलक वर्मा को कैच देकर उमरजई आउट हो गए। उन्होंने 11 गेंदों पर 11 रन बनाए। इसके अगले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने दरविश रसूली को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराकर भारत को छठी सफलता दिलाई। रसूली ने 15 गेंदों पर दो छक्कों और एक चौके की मदद से 26 रन बनाए। यह मैच में तिलक वर्मा का तीसरा कैच था। भारतीय गेंदबाजों के लगातार प्रहार से अफगानिस्तान की पारी बिखरती चली गई।

राशिद-नबी ने बढ़ाई रफ्तार, बुमराह ने फिर रोका रास्ता

छह विकेट गिरने के बाद राशिद खान और मोहम्मद नबी ने तेजी से रन जुटाने की कोशिश की। राशिद ने 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह को दो चौके और एक छक्का लगाकर 16 रन बटोरे। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 28 गेंदों पर 48 रन की साझेदारी की। अफगानिस्तान की टीम 170 के करीब पहुंचने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में मोहम्मद नबी को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराकर साझेदारी तोड़ दी। आखिरी ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी ने राशिद खान को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। राशिद ने 16 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए।

श्रेयस अय्यर के नाम खास रिकॉर्ड दर्ज

नूर अहमद ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अफगानिस्तान को 159 रन तक पहुंचाया। नूर सात और मुजीब उर रहमान चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से नीतिश कुमार रेड्डी ने तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। इससे पहले श्रेयस अय्यर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान के रूप में अपने शुरुआती 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह उनकी 11वीं टास जीत थी, जो इस प्रारूप में नया रिकॉर्ड है।

भारत की तेज तर्रार शुरुआत

अफगानिस्तान के द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य के जवाब में टीम इंडिया ने तेज तर्रार शुरुआत की। पहले मैच में बड़ी पारी खेलने से चूकने वाले संजू सैमसन ने मैच में शानदार बैटिंग की। अभिषेक और संजू ने मिलकर पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। अभिषेक को देखकर लग रहा था कि पहले मैच की तरह ही वे इस मुकाबले में भी अर्धशतक ठोकेंगे। हालांकि, अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने सेदिकुल्लाह अटल के हाथों 39 रनों के स्कोर पर उन्हें कैच आउट करा दिया।

संजू सैमसन ने ठोका अर्धशतक

अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। सैमसन ने पारी के छठे ओवर में मोहम्मद नबी की जमकर पिटाई की। उन्होंने 4 गेंदें खेलीं, जिसमें दो छक्के और उतने ही चौके लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 20 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के बाद उनका ये पहला अर्धशतक था। उनके बल्ले से पांच पारियों बाद फिफ्टी आई है।

राशिद खान ने अकेले लड़ाई लड़ी

अफगानिस्तान के लिए एकमात्र कामयाब गेंदबाद राशिद खान रहे। उन्होंने पहले अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा फिर उसी ओवर में अर्धशतक जमा चुके संजू सैमसन को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को भी राशिद ने ही आउट किया। उनके अलावा अफगानी टीम का कोई भी गेंदबाज विकेट नहीं ले सका।

भारत ने सीरीज को किया अपने नाम

अफगानिस्तान के 160 रनों के लक्ष्य को भारत ने 14.5 ओवरों में हासिल कर लिया। ईशान किशन 38, जबकि तिलक वर्मा 15 रन बनाकर नाबाद रहे। जीत के साथ सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह इस दिन प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे, तारीख और जगह को लेकर जानकारी आई सामने

यह भी पढ़ें- वेस्‍टइंडीज के खिलाफ बुधवार को हो सकता है टीम इंडिया का एलान, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या को मिलेगा मौका?