विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वेस्‍टइंडीज के खिलाफ बुधवार को हो सकता है टीम इंडिया का एलान, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या को मिलेगा मौका?

Published: Tue, 15 Sep 2026 08:03 PM (IST)

वेस्‍टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए बुधवार को टीम इंडिया की घोषणा हो सकती है। ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या की टीम इंडिया में वापसी संभव है।

ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या

ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रेट्र, नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति बुधवार को जब वेस्टइंडीज के विरुद्ध होने वाली वनडे और टी-20 सीरीज के लिए टीम का चयन करेगी तो ऋषभ पंत और फिट होकर लौटे हार्दिक पांड्या को शामिल किए जाने की संभावना पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।

भारत वेस्टइंडीज के विरुद्ध तीन वनडे और पांच टी-20 मैच खेलेगा। टी-20 मैचों की शुरुआत छह अक्टूबर से होगी और पूरी संभावना है कि इसके लिए वही टीम चुनी जाएगी जो एशियाई खेलों में भाग लेगी, लेकिन अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को 50 ओवर के प्रारूप के लिए टीम का चयन करते समय माथापच्ची करनी पड़ सकती है।

अगरकर पर होगा फैसला?

अगरकर बैठक के लिए दिल्ली में होंगे और संभावना है कि वह बोर्ड के अधिकारियों से इस पर भी चर्चा करेंगे कि क्या उनका अनुबंध 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक बढ़ाया जाएगा।

पांड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर को निर्धारित है क्योंकि उन्हें पहले ही छह अक्टूबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के विरुद्ध भारत ए की तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना जा चुका है।

हार्दिक पांड्या पर क्‍या है अपडेट

वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे मैचों की शुरुआत 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में होगी और यह चयन समिति को तय करना होगा कि क्या पांड्या वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हैं या नहीं।

अगर पांड्या उपलब्ध नहीं होते हैं तो चयन समिति के लिए तेज गेंदबाजी आराउंडरों की कमी समस्या बन जाएगी। दूसरा विकल्प नीतीश कुमार रेड्डी वनडे सीरीज के दौरान एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए जापान में होंगे। तीसरे और चौथे विकल्प सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर फिलहाल चोटिल हैं।

क्‍या जुरैल को मिलेगा मौका?

आईपीएल में पंत के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें टेस्ट उपकप्तानी गंवानी पड़ी और उन्हें वनडे टीम में भी जगह नहीं मिली। लेकिन ईशान किशन के जापान में होने के कारण बाएं हाथ के इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज को 15 सदस्यीय टीम में मौका मिल सकता है।

उनका चयन होने पर भी केएल राहुल वनडे विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद रहेंगे। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में राहुल को वनडे टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया जा सकता है।अगर पंत को मौका नहीं मिलता है तो चयनकर्ता ध्रुव जुरैल को चुन सकते हैं।

गायकवाड़ बनेंगे कप्‍तान

ऐसे में पंत को ईरानी कप में शेष भारत की कप्तानी करने को कहा जा सकता है। श्रेयस अय्यर के एशियाई खेलों में शामिल होने के कारण कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद रुतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है।

यशस्वी जायसवाल रिजर्व ओपनर होंगे, जबकि मध्य क्रम के रिजर्व बल्लेबाज रजत पाटीदार होंगे। वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे सीरीज के बाद गायकवाड़ और पाटीदार दोनों का ही भारत ए की तरफ से खेलने की संभावना है। गायकवाड को इसके लिए कप्तान बनाया जा सकता है।

जडेजा की वापसी

इंग्लैंड में वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए रविंद्र जडेजा को वापस टीम में बुलाया जा सकता है क्योंकि हर्ष दुबे हाल ही में दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

दुबे और अक्षर पटेल को वनडे के लिए बाएं हाथ के स्पिनरों के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में चयनकर्ता जडेजा को टीम में शामिल कर सकते हैं। मानव सुथार के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। अक्षर एशियाई खेलों में खेलेंगे।

यह भी पढ़ें- IND vs WI ODI Series: वेस्टइंडीज के खिलाफ केएल राहुल का प्रमोशन तय! पंत-जुरेल के बीच विकेटकीपिंग के लिए कांटे की टक्कर

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम का एलान, ऋतुराज गायकवाड़ बने कप्तान; हार्दिक पांड्या भी स्क्वाड में शामिल