भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह हराया, यशबर्धन चौहान और वीरेंद्र सहवाग के बेटे रहे जीत के हीरो
यशबर्धन चौहान के शानदार शतक और वीके विनीत के अर्धशतक की बदौलत इंडिया अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को हराकर तीन ...और पढ़ें

इंडिया अंडर-19 वर्सेस ऑस्ट्रेलिया अंडर-19

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यशबर्धन चौहान के शानदार शतक के दम पर इंडिया अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को हरा दिया है। टीम इंडिया ने चौहान की शतकीय पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 341 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस विशाल स्कोर को हासिल नहीं कर सकी और उन्हें लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा।
पहले मैच में भी भारत ने सात रनों से जीत हासिल की थी और अब दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया है। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी।
वीके विनीत ने लगाया अर्धशतक
भारत ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 11 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 55 रनों की साझेदारी हुई लेकिन सहवाग 47 रन बनाकर रन आउट हो गए। विनीत ने 87 रनों की की अहम पारी खेली।
यशबर्धन चौहान ने लगाया शतक
भारतीय अंडर-19 टीम के लिए यशबर्धन चौहान ने कमाल की बैटिंग की और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 100 गेंदों पर 122 रनों की पारी खेली। उनकी पारी की ही नतीजा रहा कि टीम इंडिया ने 341 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए थॉमस वासेओ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए।
भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर हुआ ऑस्ट्रेलिया
342 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए शुरुआत अच्छी नहीं हुई। उन्होंने सात रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया, जबकि 29 रन पर दूसरा विकेट गिरा। इसके बाद 72 रनों के स्कोर पर उन्होंने तीसरा विकेट गंवाया। हालांकि, फिर कप्तान जैक जोसनेक और ब्लेक कैटल ने मोर्चा संभाला। जैक ने 63 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली, जबकि ब्लेक 44 रन बनाकर आउट हो गए और अर्धशतक लगाने से चूक गए। टीम इंडिया के लिए चिगुरुपति वेंकट सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.1 ओवरों में 238 रनों पर सिमट गई। इसी के साथ टीम इंडिया ने मैच को 103 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
यह भी पढ़ें- श्रेयस अय्यर को जापान के खिलाफ मैच से पहले सता रहा है एक डर, नए देश की नई हवा पर जमकर की बात
