वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर अर्धशतक चूके, जूनियर द्रविड़ ने हड़बड़ी में गंवाया विकेट; भारतीय अंडर-19 टीम ने बनाया विशाल स्कोर
India U19 vs Australia U19 Match: ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया ने विशाल स्कोर बनाया। ...और पढ़ें

अन्वय द्रविड़-आर्यवीर सहवाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ खेलते हुए टीम इंडिया ने दूसरे वनडे मैच में विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है। इस सीरीज में आर्यवीस सहवाग और अन्वय द्रविड़ पर खास नजरें हैं लेकिन दूसरे मैच में दोनों बड़ी पारी खेलने से चूक गए। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने शानदार शुरुआत की लेकिन वे अर्धशतक लगाने से चूक गए।
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि, इसके बावजूद लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने 341 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। टीम इंडिया के लिए यशबर्धन चौहान ने कमाल की पारी खेली और शतक लगाया। उनके अलावा वीके विनीत ने भी भारत को 341 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ नहीं बना सके बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम इंडिया को 46 रनों के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब कप्तान लक्ष्य रायचंदानी मात्र 11 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने मोर्चा संभाला। सहवाग से बड़ी उम्मीदें थी और उन्होंने शानदार शुरुआत की। हालांकि, आर्यवीर 47 रन बनाकर रन आउट हो गए। उन्होंने 48 गेंदों पर 47 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे।
विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ से भी उम्मीदें थीं लेकिन वो भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। अन्वय 8 गेंदों पर नौ रन ही बना सके। पहले मैच में उन्होंने कमाल की बैटिंग की थी और 18 गेंदों पर 38 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी, जिसकी वजह से भारतीय टीम 7 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही थी।
यशबर्धन चौहान ने ठोका शतक
भारत के लिए यशबर्धन ने कमाल की बैटिंग की और उन्होंने 100 गेंदों पर 122 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और दो छक्के निकले। उनके अलावा विनीत ने भी शानदार बल्लेबाजी की लेकिन शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 92 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 87 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 341 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया।
