IND A vs NZ A: खराब मौसम ने इंडिया-ए से छीना जीत का मौका, जाया चली गई गेंदबाजों की मेहनत
खराब मौसम के कारण इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच मैच ड्रॉ हो गया, जिससे भारत को जीत का मौका गंवाना ...और पढ़ें

इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए का मैच ड्रॉ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शुरुआती दो दिन बैकफुट पर रहने वाली इंडिया-ए ने आखिरी दो दिन में वापसी की और उसने न्यूजीलैंड-ए को हरा ही दिया था, लेकिन खराब मौसम ने उससे जीत का मौका छीन लिया। खराब रौशनी के कारण चौथे और आखिरी दिन मंगलवार का खेल पूरा नहीं हो सका और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
इंडिया-ए को जीत के लिए सिर्फ एक ही विकेट चाहिए था, लेकिन खराब मौसम ने उससे यह विकेट लेने का मौका नहीं दिया। इंडिया-ए पहली पारी में महज 113 रनों पर ढेर हो गई थी। न्यूजीलैंड-ए ने 317 रन बनाते हुए बढ़त हासिल की। इंडिया-ए ने देवदत्त पडिक्कल के 199 और साई सुदर्शन के 91 रनों के दम पर बाजी पलटी और दूसरी पारी में 516 रन बनाए।
गेंदबाजों ने किया कमाल
भारतीय पारी चौथे दिन सिमट गई। न्यूजीलैंड-ए को जीत के लिए 313 रन चाहिए थे। लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था, लेकिन भारत के लिए जीत भी मुश्किल लग रही थी। हालांकि, इंडिया-ए के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। आकिब नबी ने न्यूजीलैंड-ए के कप्तान रियास मारइयू को आउट किया और उनके बाद टॉम रॉबिन्सन (0), मैथ्यू बोयले (4) को पवेलियन भेजा। 13 रनों पर ही न्यूजीलैंड-ए ने अपने तीन विकेट खो दिए थे।
यहां से न्यूजीलैंड की टीम लगातार विकेट खोती रही। मुकेश चौधरी, अंशुल कंबोज, आकाशदीप और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने पडिक्कल को भी गेंदबाजी दी और वह दो विकेट निकालने में सफल रहे।
आखिरी पलों में फिसला मैच
न्यूजीलैंड-ए का स्कोर नौ विकेट के नुकसान पर 170 रन था। भारत को जीत के लिए एक विकेट चाहिए था। न्यूजीलैंड ने अपने खाते में 17 रन और जोड़े। इसके बाद खराब रौशनी के चलते मैच रोक दिया गया और फिर हालत नहीं सुधरे तो मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
