IND A vs AUS A: ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने भारतीय टीम की नाक में किया दम, पडिक्कल-सुदर्शन भी सस्ते में आउट; मुश्किल में मेजबान
सैम हार्पर के शतक से 358 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया-ए के स्पिनरों ने भारत-ए को दूसरे चार दिवसीय मैच के दूसरे दिन 122/5 पर रोककर दबदबा बनाया।

साई सुदर्शन-देवदत्त पडिक्कल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, पुडुचेरी। सैम हार्पर के शतक से 358 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया-ए ने स्पिनरों की मदद से बुधवार को दूसरे और अंतिम चार दिवसीय मैच के दूसरे दिन दबदबा बनाते हुए भारत-ए का स्कोर पांच विकेट पर 122 रन कर दिया। ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी और कोरी रोचिचियोली ने तीन अहम विकेट चटकाए जिससे भारत-ए की टीम अब भी 236 रन से पीछे है।
मर्फी ने प्रारंभिक बल्लेबाज साई सुदर्शन (08) और बाएं हाथ के बल्लेबाज यश राठौड़ (15) को आउट किया जबकि रोचिचियोली ने कप्तान देवदत्त पडिक्कल (31) का विकेट लेकर मेजबानों को मुश्किल में डाल दिया। स्टंप तक शेख रशीद 36 और तनुश कोटियान छह रन बनाकर क्रीज पर थे।
देवदत्त पडिक्कल भी नहीं बना सके बड़ा स्कोर
इससे पहले पारी में तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन ने पहले ही ओवर में प्रारंभिक बल्लेबाज आयुष पांडे को विकेट के पीछे कैच कराया। फिर सुदर्शन और पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। लेकिन फिर भारत-ए ने महज 54 रन के अंदर सुदर्शन, पडिक्कल और राठौड़ के विकेट गंवा दिए।
कुमार कुशाग्र का भी नहीं चला बल्ला
वहीं पहले मैच के शतकवीर कुमार कुशाग्र गेंदबाज लियाम स्कॉट की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इससे मेजबान टीम मुश्किल में घिर गई। भारत-ए ने शुरुआती मैच 162 रन से जीता था।
अब उसके सामने तीसरे दिन बड़ी चुनौती होगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सात विकेट पर 282 रन से आगे खेलते हुए स्कोर 358 तक पहुंचाया। नाबाद शतकवीर हार्पर और रिचर्डसन (31) ने आठवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की।
