ENG vs SL: इतिहास नहीं दोहरा पाई श्रीलंका, डकेट के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने हौसले किए पस्त; फिर भी खेलेगी फाइनल
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को ट्राई सीरीज के मैच में 55 रनों से हरा दिया। हालांकि, इंग्लैंड के लिए ...और पढ़ें

श्रीलंका को मिली हार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एक सप्ताह पहले रावलपिंडी में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने जो कमाल किया था वो गुरुवार रात नहीं हो सका। इंग्लैंड ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए एक और हाई स्कोरिंग मैच में श्रीलंका को 55 रनों से हरा दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 386 रन बनाए थे। वहीं, श्रीलंकाई टीम 45.1 ओवरों में 331 रनों पर सिमट गई।
इससे पहले, 22 अक्टूबर को खेले गए मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 430 रनों का टारगेट दिया था जो उसने हासिल कर तहलका मचा दिया था, लेकिन श्रीलंकाई टीम इस बार यह काम नहीं कर पाई। हालांकि, यह जीत इंग्लैंड के लिए सिर्फ सांत्वना जीत है क्योंकि वह ट्राई सीरीज के फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। फाइनल में शनिवार को श्रीलंका और मेजबान पाकिस्तान की टीमें पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी थीं।
श्रीलंका ने की भरपूर कोशिश
श्रीलंका ने इस मैच में एक बार फिर चमत्कार करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह कर नहीं पाई। पवन रत्नायके ने उसके लिए 118 और कुसल मेंडिस ने 89 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही इन दोनों की पारियों का अंत हुआ वैसे ही सब ढह गया। चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर कामिंडू मेंडिस को सोनी बाकेर ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद आविश्का फर्नांडो और कुसल के बीच एक साझेदारी हुई। दोनों ने मिलकर टीम को संभाला और 84 रन जोड़े।
97 के कुल स्कोर पर आविश्का फर्नांडो पवेलियन लौट लिए। उन्होंने 50 गेंदों पर 48 रन बनाए। फिर कुसल ने रत्नायके के साथ साझेदारी की। दोनों ने टीम का स्कोर 177 रनों तक पहुंचा दिया था। यहां कुसल, जो रूट का शिकार हो गए। उन्होंने 71 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 89 रन जोड़े। उनके बाद रत्नायके को दूसरे छोर से साथ नहीं मिला और वह अकेले लड़ते रहे। 329 के कुल स्कोर पर रत्नायके की पारी का भी अंत हो गया। उन्होंने 77 गेंदों पर 15 चौके और एक छक्के की मदद से 118 रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने चार विकेट अपने नाम किए। बाकेर के हिस्से दो विकेट आए। सैम करन, हैनरी क्रोकॉम्बे और रूट के हिस्से एक-एक विकेट आया।
डकेट का तूफान
इससे पहले, इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने इस मैच की सबसे बड़ी पारी खेली और अपनी टीम को मजबूत स्कोर दिया। उन्होंने 132 गेंदों पर 24 चौकों की मदद से 167 रन बनाए। उनकी पारी में एक भी छक्का शामिल नहीं रहा। टॉम बेंटन ने उनका अच्छा साथ दिया और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 163 रन जोड़े। दासुन शनाका ने 74 के निजी स्कोर पर बेंटन की पारी का अंत कर दिया। हैरी ब्रूक ने 44 रनों का योगदान दिया। विल जैक्स ने 30, जॉर्डन कॉक्स ने 43 और सैम करन ने नाबाद 21 रन बनाए।
