PAK vs SL: दिलशान मदुशंका के 'पंजे' ने पाकिस्तान को चटाई धूल, श्रीलंका ने जीता मुकाबला; फाइनल में फिर होगी भिड़ंत
दिलशान मदुशंका की बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से श्रीलंका ने पाकिस्तान को मंगलवार को ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में आठ विकेट से रौंद दिया।
-1793159977496_m.webp)
दिलशान मदुशंका ने झटके पांच विकेट

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिलशान मदुशंका की घातक गेंदबाजी की वजह से मंगलवार को श्रीलंका ने पाकिस्तान को वनडे ट्राई-सीरीज के पांचवें मुकाबले में 8 विकेट से रौंद दिया। मदुशंका ने सिर्फ 34 रन देकर पांच विकेट झटके, जिसकी वजह से पाकिस्तान 110 रन पर सिमट गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की तरफ से कामिंदु मेंडिस ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को आसानी से जीत दिला दी। श्रीलंका ने महज 18.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
मदुशंका की घातक गेंदबाजी
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करन का फैसला लिया था। मदुशंका ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए चौथे ही ओवर में खतरनाक फखर जमान को पवेलियन भेज दिया।
मदुशंका के आगे पाकिस्तान का कोई बल्लेबाज टिक ही नहीं पाया। मदुशंका ने फखर के अलावा, साद बेग, अराफत मिन्हास, कप्तान शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए। इसके अलावा, पाकिस्तान का कोई बल्लेबाज 20 के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाया, जिसकी वजह से पाकिस्तान 25.3 ओवर में ऑलआउट हो गया।
कामिंदु मेंडिस की दमदार पारी
श्रीलंका की ओर से ओपनिंग के लिए आए बाएं हाथ के बल्लेबाज कामिंदु मेंडिस ने अंतिम तक क्रीज पर डटकर श्रीलंका की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने 60 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की बदौलत 62 रनों की नाबाद पारी खेली।
पवन रथनायके भी 26 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। श्रीलंका ने 18.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। बता दें कि पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों ने ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली है।
दोनों एक बार फिर मैदान पर भिड़ेंगे, मगर इस बार ट्रॉफी दाव पर होगी। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला शनिवार, 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा।
यह भी पढ़ें- मोहम्मद अजहरूद्दीन से लड़ाई ने किया विनोद कांबली का करियर बर्बाद! ड्रेसिंग रूम में हुआ था भयंकर बवाल
