विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BAN vs ZIM: इरविन और इवांस के दम पर जिम्बाब्वे ने किया बड़ा उलटफेर, बांग्लादेश को 99 रनों से दी मात

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:52 AM (IST)

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए बांग्लादेश को 99 रनों से हरा दिया। जिम्बाब्वे की शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज ज्यादा कुछ कर नहीं पाए।

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को दी मात

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को दी मात

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने शनिवार को खेले गए ट्राई सीरीज के मैच में बड़ा उलटफेर करते हुए बांग्लादेश को 99 रनों से हरा दिया। इस मैच में बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह से फेल रही जो जिम्बाब्वे के 272 रनों के लक्ष्य के सामने 172 रनों पर ही ढेर हो गई।

जिम्बाब्वे की इस जीत में क्रेग इरविन और ब्रैड इवांस का रोल अहम रहा। इरविन ने जहां 93 रनों की अहम पारी खेली तो वहीं इवांस ने चार विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी को कमजोर किया। ब्रेंडन टेलर के योगदान को भी इसमें भुलाया नहीं जा सकता जिन्होंने 81 रनों का अहम योगदान दिया।

बांग्लादेश के बल्लेबाज पड़े कमजोर

इंटरनेशनल क्रिकेट में बांग्लादेश की टीम जिम्बाब्वे के मुकाबले काफी मजबूत मानी जाती है, लेकिन अबू धाबी के शेख जाएद क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में उसका एक भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका। तंजीद हसन ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। उनके सलामी जोड़ीदार सौम्य सरकार नौ रनों के निजी स्कोर पर आउट हुए। जब वह आउट हुए तब बांग्लादेश का स्कोर 47 रन था। उनके जाने के बाद 66 के कुल स्कोर पर तंजीद हसन भी आउट हो गए। यहां से बांग्लादेश की बल्लेबाजी ढह गई।

टीम के मध्य क्रम को वेलिंग्टन मसाकाड्जा और सिकंदर रजा ने मिलकर खत्म किया तो निचले क्रम को इवांस ने निपटा दिया। उन्होंने आखिरी के चारों विकेट अपने नाम किए। सिकंदर रजा और मसाकाड्जा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। मुजरबानी और न्यूमैन न्यामहुरी के हिस्से एक-एक विकेट आया।

टेलर और इरविन की साझेदारी चमकी

जिम्बाब्वे के लिए भी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इस टीम ने 24 रनों के भीतर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रायन बेनेट बिना खाता खोले आउट हो गए थे। बेन करन सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गए। ताफाड्ज्वा सिगा ने 16 रनों का योगदान दिया। यहां से टेलर और इरविन के बीच में 150 रनों की साझेदारी हुई। 174 के कुल स्कोर पर बांग्लादेश को टेलर का विकेट मिला। सैफ हसन ने उनकी पारी का अंत किया। टेलर ने अपनी पारी में 101 गेंदों का सामना कर 10 चौके मारे।

उनके बाद इरविन ने जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, टेलर के बाद उनका कोई साथ नहीं दे सका। रजा सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। वेस्ले माधेवेरे 17 रन ही बना सके। 224 के कुल स्कोर पर इरविन भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 106 गेंदों का सामना किया और नौ चौके मारे। अंत में न्यामहुरी और मसाकाड्जा ने 21-21 रनों का योगदान दिया जिससे टीम 271 रनों का स्कोर बना सकी।

यह भी पढ़ें- ZIM vs BAN: बांग्लादेश ने बेहद रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को हराया, T20I सीरीज को भी किया अपने नाम

यह भी पढ़ें- ZIM vs BAN: तंजीद हसन की फिफ्टी से जीता बंग्‍लादेश, आखिरी मुकाबले में जिम्‍बाब्‍वे को चटाई धूल