विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MI vs RCB: हार्दिक पांड्या का तूफान नहीं आया काम, कोहली-पाटीदार के दम पर आरसीबी ने मुंबई में 10 साल बाद हासिल की जीत

Published: Mon, 07 Apr 2025 11:27 PM (IST)

विराट कोहली की दमदार पारी के बाद कप्तान रजत पाटीदार की तूफानी पारी और जितेश शर्मा के आक्रामक अंदाज के ...और पढ़ें

आरसीबी ने मुंबई को उसके घर में दी मात
आरसीबी ने मुंबई को उसके घर में दी मात

HighLights

  1. MI vs RCB: आरसीबी ने मुंबई को उसके घर में रौंदा
  2. MI vs RCB: विराट कोहली ने जमाया शानदार अर्धशतक
  3. MI vs RCB: कप्तान रजत पाटीदार ने भी किया कमाल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विराट कोहली (67) और कप्तान रजत पाटीदार (64) की शानदार पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 10 साल बाद मुंबई इंडियंस को उसके घर में मात दी है। आईपीएल-2025 में सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में आरसीबी ने मुंबई को 12 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 221 रन बनाए थे। मुंबई की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद नौ विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी।

विराट कोहली ने इसी के साथ टी20 में अपने 13,000 रन पूरे। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी पारी में 42 गेंदों का सामना कर आठ चौके और दो छक्कों की मदद से शानदार पारी खेली। पाटीदार ने 32 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्कों की मदद से तूफानी पारी खेली। हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आखिरी समय में तूफानी बैटिंग कर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। 

यह भी पढ़ें- MI vs RCB: रियान रिकेलटन का कैच देख भन्ना जाएगा माथा, पीछे भागते हुए किया अद्भुत काम, देखें Video

मुंबई को नहीं मिली अच्छी शुरुआत

मुंबई को जीत के लिए 222 रन चाहिए थे। इस टारगेट को हासिल करने के लिए मुंबई को तेज शुरुआत की जरूरत थी। रोहित शर्मा ने इसकी कोशिश की, लेकिन ज्यादा आगे नहीं जा सके। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर यश दयाल ने उनका बोल्ड कर दिया। वह नौ गेंदों पर दो चौके और एक छक्कों की मदद से 17 रन बनाए।

दूसरे सलामी बल्लेबाज रियान रिकेलटन तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 10 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 17 रन बनाए। उनको जोश हेजलवुड ने अपना शिकार बनाया। विल जैक्स भी ज्यादा आगे नहीं जा सके। वह 18 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बना सके।

सूर्यकुमार ने किया निराश

अब सारी उम्मीदें सूर्यकुमार यादव से थीं जो शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। तिलक वर्मा उनका साथ दे रहे थे। यश एक बार फिर यहां मुंबई के लिए खतरनाक साबित हुए और सूर्यकुमार को आउट कर गए। सूर्या ने 28 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रनों की पारी खेली।

पांड्या का तूफान

सूर्यकुमार के जाने के बाद आए कप्तान पांड्या ने जो किया उसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने आते ही तूफान मचा दिया और जोश हेजलवुड के ओवर में 22 कूट दिए। इसके बाद उन्होंने अपने भाई क्रूणाल के ओवर में भी रन बरसाए। यहां से मैच मुंबई की तरफ जाता दिख रहा था। तिलक वर्मा उनका साथ दे रहे थे।

18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने तिलक वर्मा को आउट कर आरसीबी को मैच में वापस ला दिया। चौथी गेंद पर सॉल्ट ने उनका कैच लपका। तिलक ने 29 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। 19वें ओवर की पहली गेंद पर मुंबई की उम्मीदें ढह गईं क्योंकि हेजलवुड ने पांड्या को लिविंगस्टन के हाथों कैच कराया। 

क्रुणाल ने किया कमाल

आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। क्रुणाल ने ये ओवर फेंका और पहली गेंद पर मिचेल सेंटनर को आउट किया। अगली गेंद पर दीपक चाहर भी पवेलियन लौट लिए। बाकी चार गेंदों पर क्रुणाल ने रन बचा लिए औरअपनी टीम को जीत दिलाई। 

कोहली ने मचाया कोहराम

इससे पहले मुंबई के कप्तान पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। फिल सॉल्ट ने ट्रेंट बोल्ट की पहली ही गेंद पर चौका मारा और अगली गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने तेजी से रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़े। पडिक्कल ने 22 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली।

उनके जाने के बाद कोहली को कप्तान पाटीदार का साथ मिला। इन दोनों के सामने तो मुंबई के गेंदबाज औ बेबस हो गए। दोनों ने 48 रन जोड़े। पांड्या ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर कोहली को आउट कर दिया। नमन धीर ने उनका कैच लपका।

पाटीदार ने किया अधूरा काम पूरा

कोहली के आउट होने के एक गेंद बांद पांड्या ने लियम लिविंगस्टन को आउट कर आरसीबी का एक और विकेट गिरा दिया। इसके बाद तो पाटीदार ने बागडोर अपने हाथों में ली और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरे छोर से जितेश शर्मा उनका साथ दे रहे थे। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर पाटीदार की पारी का अंत हो गया। रिकेलटन ने बोल्ट की गेंद पर पाटीदार का हैरतअंगेज कैच कर उनकी पारी का अंत किया।

जितेश अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 19 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 40 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- MI vs RCB: इस अंग्रेज बल्लेबाज को आउट करते हुए हार्दिक पांड्या ने जमाया 'दोहरा शतक', मुंबई के कप्तान ने गजब कर डाला