IND vs SL: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ को आसान करेंगे 6 विकेट, पंत की रिकॉर्डतोड़ पारी से आगे भारत
भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत से सिर्फ 6 विकेट दूर है, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल ...और पढ़ें

ऋषभ पंत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, गॉल। अगले साल ओवल स्टेडियम में होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाने के लिए तड़प रही भारतीय टीम अपनी एक बाधा दूर करने से सिर्फ छह विकेट दूर खड़ी है। शुभमन गिल की टीम को डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले अपने नौ टेस्ट मैचों में कम से कम सात जीतने होंगे और उसके लिए वह पूरी जान लगा रही है।
दूसरी पारी में 84 रन पर चार विकेट गंवा चुकी श्रीलंकाई टीम को भारत का रास्ता रोकने के लिए अंतिम दिन बुधवार को 288 रन बनाने हैं, जो गाल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के ठीक बगल में हरहर कर रहे हिंद महासागर में समुद्र मंथन करके अमृत निकालने जितना कठिन कार्य है।
आखिरी दिन महत्वपूर्ण
दो टेस्ट की सीरीज के पहले मैच के चार दिन बीत चुके हैं और इस दौरान कुल 280 ओवर का खेल हुआ है। मंगलवार को भी वर्षा के कारण 98 की जगह सिर्फ 82.5 ओवर का ही खेल हुआ लेकिन इस दौरान दोनों टीमों के मिलाकर 14 विकेट गिरे। आखिरी दिन भी 98 ओवर कराए जा सकते हैं लेकिन पिच की हालत को देखते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने के लिए भारतीय गेंदबाजों को 50 ओवर से ज्यादा की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पहली पारी में 462 रन बनाने के बाद श्रीलंका की पहली पारी को 284 रन पर समेटने वाली भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए। इससे श्रीलंका को रिकॉर्ड 372 रनों का लक्ष्य मिला। मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार विकेट लेकर मेजबानों की हालत खस्ता कर दी है। पिछले मैच के शतकवीर सोनल दिनुशा और कप्तान धनंजय डिसिल्वा हार के अंतर को कम करने के लिए पूरी ताकत लगाकर नाबाद डटे हुए हैं।
पंत की शानदार पारी
कोच गौतम गंभीर विकेटकीपर ऋषभ पंत के ऊटपटांग शॉट से अक्सर खुश नहीं होते लेकिन दूसरी पारी में उनके द्वारा बनाए गए 66 रनों ने कोच के चेहरे पर मुस्कान ला दी। भारत की दूसरी पारी में श्रीलंका के गेंदबाजों का गेंद पर कंट्रोल अच्छा। उनके तेज गेंदबाज बीच के सत्र में अच्छी गेंदबाजी की। यशस्वी जायसवाल, कप्तान गिल और केएल राहुल खराब शॉट मारकर आउट हुए लेकिन पिछले मैच के शतकवीर देवदत्त पड्डीकल (44) और पंत ने श्रीलंका के लिए बड़ा लक्ष्य रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
भारत को दूसरी पारी में कम से कम चार के रन रेट से रन बनाने थे जिससे श्रीलंका को आउट करने के लिए उनके पास ज्यादा समय हो क्योंकि गॉल में बारिश का खतरा हमेशा रहता है। यह काम पंत ही कर सकते थे। उन्होंने 69 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 95.65 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। भारतीय टीम भले ही ऑलआउट हो गई लेकिन कुल बढ़त श्रीलंका के लिए काफी थी। इस पिच पर गेंद टर्न ले रही थी और पुरानी गेंद भी ऊपर-नीचे हो रही थी लेकिन पंत ने यहां भी खेल को रोमांचक बनाया।
ऋषभ पंत ने पूरे किए 100 छक्के
असिथा और लाहिरू कुमारा बल्लेबाजों को बाउंस से चकमा देने और खेल को धीमा करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पंत ने रन बनाने के अनोखे तरीके खोजे। उन्होंने जमीन पर डांस करते हुए शॉर्ट गेंदों को चौके तक पहुंचाया। उन्होंने लाइन के अंदर आकर गेंद को स्क्वायर के पीछे भी शानदार तरीके से पुल किया। उनमें से एक पुल ने उनके पचासे और टेस्ट करियर के 100वें छक्के को पूरा किया।
पंत के आउट होने के बाद भारतीय टीम की बढ़त 352 रनों की हो गई थी लेकिन इसके बाद भी पारी घोषित नहीं की गई क्योंकि भारतीय टीम विरोधी टीम को गेम से पूरी तरह बाहर किए बिना पारी घोषित करने का रिस्क नहीं लेना चाहती थी। श्रीलंका की तरफ से असिथ फर्नांडो ने 31 रन देकर चार विकेट लिए। 2019 में सुरंगा लकमल के 29 रन देकर चार विकेट के बाद घर पर श्रीलंका के किसी तेज गेंदबाज का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन था।
पंत ने टेस्ट क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक को हिलाया
100 छक्के टेस्ट क्रिकेट में लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए रिषभ पंत। उन्होंने लाहिरू कुमारा की गेंद को फाइन-लेग पर पुल करके यह कारनामा किया। वह टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज हैं। वह अभी एडम गिलक्रिस्ट के साथ तीसरे नंबर पर हैं, जो इस कारनामे को करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज थे। बेन स्टोक्स (138) और ब्रेंडन मैकुलम (107) टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में पहले और दूसरे नंबर पर हैं।
पंत मैच, पारी और गेंद की संख्या के मामले में अब तक सबसे तेज इस माइलस्टोन तक पहुँचे हैं। उन्होंने स्टोक्स से 31 टेस्ट कम खेले हैं जबकि गिलक्रिस्ट से 41 कम पारियों में ऐसा किया है। उन्होंने गिलक्रिस्ट की अपेक्षा यहां तक पहुंचने में 1660 कम गेंद खेली हैं। पंत के टेस्ट करियर के रनों की शुरुआत छक्के से हुई थी। उन्होंने इस प्रारूप में दूसरी गेंद पर ही छक्का मारा था।
टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- बेन स्टोक्स - 138
- ब्रेंडन मैकुलम -107
- एडम गिलक्रिस्ट - 100
- ऋषभ पंत - 100
भारत की बढ़िया गेंदबाजी
गिल ने पिच के हाल को देखते हुए नई गेंद से ही तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के साथ स्पिनर मानव सुथार को लगाया। सिराज ने फिर से भारत को जल्दी सफलता दिलाई। उन्होंने 14 रन के कुल योग पर निशान मदुश्का को आउट किया। क्षेत्ररक्षण में दिनेश चांदीमल की गर्दन में चोट लग गई थी। उनके कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए सूरियाबंदारा गोल्डन डक पर आउट हो गए। दूसरा टेस्ट खेल रहे सुथार ने पहला टेस्ट खेल रहे सूरियाबंदारा को एकदम सही गुड-लेंथ गेंद फेंकी जो उम्मीद से कम टर्न हुई।
गेंद सूरियाबंदारा के पिछले पैर से टकराई लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। रिव्यू भारत के पक्ष में गया और श्रीलंका ने बिना रन जोड़े एक और विकट खो दिया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिंदु मेंडिस को आउट करके स्कोर 21/3 कर दिया। कृष्णा ने यह सबसे अच्छा स्पैल रहा।
जडेजा को नो बाल पर विकेट मिला
पहली पारी में धनंजय डिसिल्वा जैसे आउट हुए थे, वैसे ही दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने उनको आउट कर दिया। जडेजा ने एक ऐसी गेंद डाली जो कम टर्न हुई। गेंद डिसिल्वा के बल्ले का किनारा चूमते हुए पहली स्लिप पर केएल राहुल के हाथों में चली गई। ऐसा लगा कि 34 रन पर ही चार विकेट गिर जाएंगे लेकिन अंपायर ने इसे नोबाल करार दिया।
तीसरे अंपायर पर सवाल
सुथार लगातार श्रीलंकाई बल्लेबाजों का टेस्ट ले रहे थे। लाहिरू उदारा उस टेस्ट को पास करने की कोशिश कर रहे थे। सुथार की गेंद उदारा के बल्ले को छूते हुए गली में घुटनों पर खड़े ध्रुव जुरैल के हाथों में गई। रिप्ले में दिख रहा था कि जुरैल की अंगुली भले ही गेंद के नीचे हो लेकिन उसका कुछ हिस्सा मैदान को छुआ है। ऐसे में फैसला बल्लेबाज के पक्ष में जाता है लेकिन तीसरे अंपायर ने आउट दे दिया। उदारा सहित पूरा श्रीलंकाई कैंप खुश नहीं था लेकिन उसके लिए क्या कर सकते हैं क्योंकि उनका चौथा विकेट सिर्फ 47 रन पर गिर गया। हालांकि इसके बाद दिनुशा और डिसिल्वा ने कोई विकेट गिरने नहीं दिया।
