विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

WPL 2027 की तारीखों का हुआ एलान, BCCI ने की प्लेयर रिटेंशन डेडलाइन की भी घोषणा

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:15 PM (IST)

बीसीसीआई ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 की तारीखों का ऐलान किया है, जो 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 ...और पढ़ें

महिला प्रीमियर लीग

महिला प्रीमियर लीग

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को बताया कि महिला प्रीमियर लीग (WPL) का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी। हालांकि, बीसीसीआई ने अभी डब्ल्यूपीएल के आयोजन के लिए मेजबान शहरों के नामों का खुलासा नहीं किया है।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी-20 लीग के रूप में टाटा डब्ल्यूपीएल ने इस खेल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। यह लीग भारत और दुनिया भर की शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाने के साथ उभरती प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने के अवसर भी प्रदान करती है।

खिलाड़ियों को रिटेन करने की तारीख आई सामने

खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है। बीसीसीआई ने कहा कि पांचों फ्रेंचाइजी को अपने मौजूदा दल के खिलाड़ियों को बरकरार रखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे आगामी सत्र के लिए अपने टीम संयोजन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू करेंगी।

WPL के लिए वेन्यू अभी तय नहीं

महिला प्रीमियर लीग के लिए अब तक वेन्यू तय नहीं किए गए हैं। पिछला संस्करण मुंबई, वडोदरा और बेंगलुरु में खेला गया था। हालांकि, अगले सीजन के लिए आयोजन स्थलों में बदलाव हो सकता है। दैनिक जागरण ने इससे पहले रिपोर्ट दी थी कि वाराणसी के गंजारी में बन रहे नए स्टेडियम में डब्ल्यूपीएल के मैच कराए जा सकते हैं। हालांकि, पहले इसमें रणजी ट्रॉफी के मैच भी कराए जाने की उम्मीद है।

मुंबई और बेंगलुरु ने जीती है अब तक ट्रॉफी

डब्ल्यूपीएल के अब तक चार संस्करण खेले जा चुके हैं, जिसमें दो टीमों ने दो बार ट्रॉफी अपने नाम की है। मुंबई इंडियंस ने पहले सीजन में जीत दर्ज की थी, जबकि 2024 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने नाम किया था। इसके बाद 2025 में मुंबई ने एक बार फिर खिताब जीता और फिर 2026 में बेंगलुरु ने दोबारा से ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बता दें कि टूर्मनामेंट में कुल पांच टीमें हिस्सा लेती हैं, जिसमें यूपी वॉरियर्स, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- चमारी अटापट्टू की कप्तानी में एशियन गेम्स में खेलेगी श्रीलंका महिला टीम, विश्मी गुणारत्ने को नहीं मिली जगह

यह भी पढ़ें- 4 ओवर फेंकने के बाद दो टूर्नामेंट से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती, एशियन गेम्स में विपराज निगम उनकी जगह लेंगे