पाकिस्तान क्रिकेट टीम करेगी हरी जर्सी का त्याग, गुलाबी रंग में आएगी नजर; ये है वजह
पाकिस्तान क्रिकेट टीम 25 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले वनडे मैच में हरी जर्सी की जगह गुलाबी जर्सी में नजर आएगी।
-1792383583239_m.webp)
बदल जाएगी पाकिस्तान की जर्सी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। खेलों में जर्सी टीमों की पहचान बन जाती है। जैसी भारतीय क्रिकेट टीम की नीली जर्सी के कारण उसे 'मैन इन ब्लू' कहा जाता है। इसी तरह पाकिस्तान की पहचान भी उसकी हरी जर्सी है और इसलिए उसे 'मैन इन ग्रीन' भी कहा जाता है। हालांकि, अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम गुलाबी जर्सी में नजर आएगी।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रही है। इस सीरीज का चौथा मैच उसे इंग्लैंड के साथ खेलना है। यह मैच 25 अक्टूबर को खेला जाएगा और इस मैच में पाकिस्तानी टीम हरी जर्सी नहीं बल्कि गुलाबी जर्सी पहनेगी।
यह है वजह
पाकिस्तान को हरी जर्सी में देखने की आदत है। ऐसे में सभी के मन में सवाल होगा कि यह टीम गुलाबी जर्सी क्यों पहनने जा रही है। इसके पीछे वजह है ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना है और यह स्टेडियम भी मैच वाले दिन गुलाबी रंग में रंग जाएगा। इस मैच में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी कॉरपोरेट सोशल रिसपॉनसबिलिटी (सीएसआर) गतिविधि के तहत इस बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने जा रहा है।
अक्टूबर को वैसे भी इंटरनेशनल ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ के तौर पर जाना जाता है। पाकिस्तान ने इसी महीने में यह मैच कराने और इसमें गुलाबी रंग को अपनाने का फैसला किया।
इंग्लैंड टीम भी देगी साथ
इस मैच के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की खास जर्सी तैयार की गई हैं जो वह मैच में पहनेगी। वहीं इंग्लैंड क्रिकेट टीम, मैच अधिकारी और कमेंटेटर्स भी गुलाबी रंग के रिबन का इस्तेमाल करेंगे जिसका मकसद इस बीमारी से जूझ रहे लोगों और इसे मात देने वालों को समर्थन जताना होगा। गुलाबी रंग सिर्फ खिलाड़ियों की जर्सी और रिबन तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि खास तरह के स्टम्प भी तैयार किए गए हैं।
