कौन है आकिब नबी? 'बारामूला एक्सप्रेस' के नाम से बनाई पहचान; भारतीय उप-कप्तान ने सौंपी डेब्यू कैप
Auqib Nabi Odi debut: जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण, गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली प्लेइंग इलेवन में जगह।

आकिब नबी
HighLights
आकिब नबी ने भारतीय वनडे टीम के लिए डेब्यू किया
नबी को उप-कप्तान केएल राहुल ने डेब्यू कैप सौंपी
नबी को नीतिश कुमार रेड्डी की जगह प्लेइंग 11 में जगह मिली
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब बारामूला के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। उन्हें नितीश कुमार रेड्डी की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया।
4 नवंबर 1996 को बारामूला में जन्मे आकिब नबी दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उन्हें क्रिकेट जगत में 'बारामूला एक्सप्रेस' के नाम से भी जाना जाता है।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
आकिब ने जम्मू-कश्मीर की ओर से 2018 में विजय हजारे ट्रॉफी में लिस्ट-ए पदार्पण किया। इसके बाद 2019 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और जनवरी 2020 में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया। रणजी क्रिकेट के शुरुआती दौर में ही उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा।
2024-25 रणजी सत्र में आकिब ने 44 विकेट हासिल किए। इसके बाद 2025-26 रणजी सत्र उनके करियर का बेहद शानदार दौर रहा, जिसमें उन्होंने 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई और टूर्नामेंट के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।
गेंद के साथ बल्ले से भी दम
आकिब की पहचान केवल गेंदबाज के रूप में नहीं है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 82 गेंदों पर नाबाद 114 रन की शानदार पारी खेली थी। इस पारी के दौरान उन्होंने टीम को मुश्किल स्थिति से निकालकर जीत तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आईपीएल में भी मिली पहचान
घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद आकिब नबी को 2026 आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने 2026 में अपना आईपीएल पदार्पण किया।
अब टीम इंडिया की जर्सी
घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन, रणजी ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी और आईपीएल अनुभव के बाद आकिब को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम में जगह मिली। गुवाहाटी में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने के साथ ही उनका लंबे समय का सपना पूरा हुआ और वह जम्मू-कश्मीर से भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
किस तरह की गेंदबाजी में माहिर हैं आकिब?
आकिब की सबसे बड़ी ताकत उनकी सटीक लाइन-लेंथ, गेंद को स्विंग कराना और लंबे समय तक गेंदबाजी करना है। आकिब लगातार एक ही जगह गेंद को टप्पा खिला सकते हैं, नई-पुरानी दोनों गेंदों को स्विंग करा लेते हैं और सही वक्त पर विकेट चटकाना भी जानते हैं। साथ ही, उनमें जी-तोड़ मेहनत करने का जज्बा है, वे लंबे स्पेल फेंक सकते हैं और अपनी गेंदबाजी में नए-नए प्रयोग करने में माहिर हैं।
दो रणजी सीजन में कुल 104 विकेट चटकाए
29 साल के आकिब 2025-26 रणजी ट्राफी में मात्र 10 मैचों में 60 विकेट ले चुके हैं, जिनमें सात बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल हैं। पिछले दो रणजी सीजन में आकिब नबी ने कुल 104 विकेट लिए हैं। इनमें 2025-26 में 60 और पिछले सीजन में 44 विकेट शामिल हैं। इन आंकड़ों ने आकिब नबी का लाल गेंद क्रिकेट में देश के सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में शुमार कर दिया है।
नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन
आकिब का नॉकआउट मुकाबलों में प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा। आकिब ने क्वार्टरफाइनल में मध्य प्रदेश, सेमीफाइनल में बंगाल और फाइनल में कर्नाटक के विरुद्ध निर्णायक गेंदबाजी की। इन प्रदर्शनों ने न केवल जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाया बल्कि दबाव में उनके धैर्य को भी प्रदर्शित किया।
आकिब नबी के बारे में प्रमुख बातें
- नाम: आकिब नबी
- जन्म: 4 नवंबर 1996, बारामूला
- भूमिका: गेंदबाज/ऑलराउंडर
- बल्लेबाजी: दाएं हाथ से
- गेंदबाजी: दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज
- घरेलू टीम: जम्मू-कश्मीर
- आईपीएल टीम: दिल्ली कैपिटल्स
- भारत के लिए वनडे पदार्पण: 30 सितंबर 2026, वेस्टइंडीज के खिलाफ, गुवाहाटी
- उपनाम: बारामूला एक्सप्रेस
यह भी पढ़ें- India vs West Indies Live Score: प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत को दिलाई पहली सफलता, कीसी कार्टी को भेजा पवेलियन
