सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स का कोच बन BCCI के नियमों की उड़ाई धज्जियां, बड़ी मुश्किल में फंस सकते हैं 'दादा'
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को IPL 2027 सत्र से पहले दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। ...और पढ़ें

सौरव गांगुली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटकर्व, नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को 2027 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सत्र से पहले मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। हालांकि, इस जिम्मेदारी के साथ ही गांगुली पर हितों के टकराव का आरोप भी लगने लगा है। गांगुली फिलहाल बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (सीएबी) के अध्यक्ष पद पर हैं।
लोढा समिति की सिफारिशों पर बने बीसीसीआई संविधान के मुताबिक, एक व्यक्ति एक समय में एक ही पद पर रह सकता है। मध्य प्रदेश के संजीव गुप्ता ने दिल्ली कैपिटल्स द्वारा सीएबी अध्यक्ष गांगुली को अपना नया कोच बनाने के तुरंत बाद बीसीसीआई के लोकपाल से हितों के टकराव की शिकायत की है।
सौरव गांगुली 2019 में पहली बार दिल्ली के साथ जुड़े
गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ाव 2019 में शुरू हुआ था, जब वह फ्रेंचाइजी के सलाहकार के रूप में जुड़े थे। पिछले कुछ वर्षों में 54 वर्षीय गांगुली ने कैपिटल्स से जुड़े कई अहम पदों पर काम किया है। इनमें पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट निदेशक का पद भी शामिल है।
उन्होंने पिछले साल डीसी की एसए20 टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभाली थी। गांगुली ने हेमंग बदानी की जगह ली है। गांगुली ने कहा कि मैं आईपीएल में मुख्य कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी मेरे दिल के बहुत करीब है और पिछले कई वर्षों से इसके साथ मेरा मजबूत रिश्ता रहा है।
सौरव गांगुली ने दिया रिएक्शन
उन्होंने कहा कि मैं मालिकों, प्रबंधन, सहयोगी स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ करीब से काम कर चुका हूं, जिससे यह जिम्मेदारी मेरे लिए और भी रोमांचक हो जाती है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है और हाल के समय में हमने अच्छी क्रिकेट खेली है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं टीम के साथ काम करने, नए सत्र और एक मजबूत तथा निडर टीम तैयार करने को लेकर उत्साहित हूं।दिल्ली कैपिटल्स का संयुक्त स्वामित्व जीएमआर ग्रुप और जेएसडब्ल्यू ग्रुप के पास है। दोनों समूह बारी-बारी से दो साल के चक्र में फ्रेंचाइजी का प्रबंधन करते हैं। जीएमआर का कार्यकाल 2026 में समाप्त हुआ। गांगुली ने बदानी की जगह ली है, जिनके नेतृत्व में कैपिटल्स पिछले दो सत्रों में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही।
पार्थ जिंदल ने जताई खुशी
डीसी के चेयरमैन और सह-मालिक तथा जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा कि दादा दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और हमेशा रहे हैं। मुझे बेहद गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि भारत के महानतम कप्तानों और प्रशासकों में से एक अब दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालकर कोचिंग के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। पूर्व कप्तान ऋषभ पंत भी फ्रेंचाइजी में वापस आ गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए चर्चित खिलाड़ी ट्रेड के बाद पंत की वापसी हुई है। इस सौदे में कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव दूसरी दिशा में चले गए हैं।
