श्रेयस अय्यर का ICC T20I रैंकिंग में जलवा, किशन की बादशाहत बरकरार; पाकिस्तानी साहिबजादा फरहान को भी हुआ बड़ा फायदा
आईसीसी ने बुधवार को ताजा रैंकिंग जारी की है। इसमें भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर को बड़ा फायदा मिला है और वे चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

श्रेयस अय्यर-साहिबजादा फरहान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर को आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है। उन्होंने तीन पायदान की छलांग लगाई है। अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में कमाल की बैटिंग की है। उन्होंने पहले मैच में शतक लगाया था। उसके बाद दूसरे मुकाबले में भी 40 रनों की पारी खेली थी। उनके शानदार प्रदर्शन का अब आईसीसी ने इनाम दिया है।
अय्यर टी20 क्रिकेट की ताजा रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। टी20 की रैंतिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा कायम है। टॉप-5 में भारत के तीन बल्लेबाज हैं। टी20 के अलावा टेस्ट की बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मैट रेनशॉ को बंपर फायदा हुआ है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में कमाल का प्रदर्शन किया, जिससे बल्लेबाजी रैंकिंग में उन्होंने लंबी छलांग लगाई है।
श्रेयस अय्यर चौथे नंबर पर पहुंचे
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर अब आईसीसी की टी20 रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें तीन स्थान का फायदा मिला है। इससे पहले वे सातवें नंबर पर काबिज थे। अय्यर 798 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ चौथे नंबर पर हैं। टी20 में ईशान किशन ने अपनी बादशाहत कायम रखी है। वे 904 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। भारत के ही अभिषेक शर्मा 891 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे नंबर हैं।
पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान ने अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाए थे। उनके नाम तीन मैचों में 238 रन रहे, जिसकी वजह से वे अपना तीसरा स्थान बचाने में कामयाब रहे। तिलक वर्मा को भी एक स्थान का फायदा मिला है और वे नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। संजू सैमसन ने भी चार पायदान की छलांग लगाई है और वे 27वां स्थान हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
मैट रेनशॉ को फायदा
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मैट रेनशॉ को टेस्ट की रैंकिंग में बंपर फायदा मिला है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 190 रन बनाए थे। दूसरी पारी में भी उनके बल्ले से 82 रन निकले। इसकी वजह से 147 स्थानों की छलांग लगाते हुए वे 49वें नंबर पहुंच गए हैं।
