विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AUS W vs BAN W: 8 रन पर गिरे 3 विकेट, फिर शोभना मोस्तरी ने शतक लगाकर पलटा मैच; ऑस्ट्रेलिया में रचा इतिहास

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:42 PM (IST)

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बांग्‍लादेश की शोभना मोस्तरी ने शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया।

शोभना मोस्तरी

शोभना मोस्तरी 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में रविवार को ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बांग्‍लादेश की शोभना मोस्तरी ने शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया। बांग्लादेश की इस बल्लेबाज ने तब टीम को मुश्किल से बाहर निकाला जब टीम की शुरुआत बहुत खराब रही थी। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे शतक लगाने वाली बांग्लादेश की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं।

यह उनका पहला वनडे शतक था और इसके साथ ही वह वनडे में शतक लगाने वाली बांग्लादेश की तीसरी महिला खिलाड़ी बन गईं। इस खास लिस्ट में अब वह फरजाना हक पिंकी और निगार सुल्ताना जोटी के साथ शामिल हो गई हैं।

3 विकेट गिर चुके थे

जब मोस्तारी मैदान पर आईं तो बांग्लादेश की टीम 7.2 ओवर में 8 रन पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट और किम गार्थ ने शुरुआती झटके दिए, जिससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम बड़ी मुश्किल में पड़ गई। शूट ने फरगाना हक और शर्मिन अख्तर को आउट किया, जबकि गार्थ ने सरमिन सुल्ताना को पवेलियन भेजा। इससे बांग्लादेश के लिए वापसी की राह मुश्किल हो गई।

हालांकि, मोस्तारी ने दबाव में भी जबरदस्त संयम दिखाया और कप्तान निगार सुल्ताना जोटी के साथ मिलकर पारी को संभाला। इस जोड़ी ने धीरे-धीरे टीम की स्थिति को मजबूत किया और फिर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर आक्रामक रुख अपनाया। इससे बांग्लादेश महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे यादगार साझेदारियों में से एक बनी।

18 चौके लगाए

मोस्तरी ने 66 गेंदों में अपनी हाफ-सेंचुरी पूरी की और फिर अपनी बैटिंग की रफ्तार बढ़ाते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ संयम के साथ आक्रामक खेल जारी रखा। उन्होंने 123 गेंदों में शतक पूरा किया और दूसरे छोर पर मौजूद जोटी के साथ इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया। मोस्तरी ने 134 गेंदों में 118 रन बनाए। इस दौरान उन्‍होंने 18 चौके भी लगाए।

जोटी ने लगाया अर्धशतक

दूसरी तरफ जोटी ने बेहतरीन सहयोगी भूमिका निभाई; उन्होंने स्ट्राइक रोटेट की और खराब गेंदों पर अच्छे शॉट लगाए। इस जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए शानदार 195 रन जोड़े। इससे बांग्लादेश टीम मुश्किल स्थिति से बाहर निकली और महिला वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड बनाया। जोटी 74 रन बनाकर नाबाद रहीं और बांग्लादेश का स्कोर 220/6 रहा।

मोस्तारी, महमुदुल्लाह और तंजिद हसन तमीम के बाद ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाली केवल तीसरी बांग्लादेशी बल्लेबाज बनीं। उनकी इस ऐतिहासिक पारी ने फरगाना हक के 107 रनों के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। वह वनडे में किसी बांग्लादेशी महिला द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया।

हालांकि बाद में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वोल ने नाबाद 131 रन बनाकर अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। मोस्तारी की यादगार पारी बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक अहम पल बनी रही। वोल ने फोबे लिचफील्ड (70) के साथ मिलकर ओपनिंग में 162 रनों की साझेदारी की, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 28.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और एक मैच बाकी रहते ही सीरीज अपने नाम कर ली।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया में वापसी का यूपी के रिंकू सिंह ने ठोका दावा, बिहार के खिलाफ रणजी मुकाबले में खूब गरजा बल्‍ला

यह भी पढ़ें- Ranji Trophy: शिखर का शतक और उत्कर्ष का अर्धशतक, लेकिन अंतिम सत्र में लड़खड़ाई झारखंड की पारी