शेन वॉर्न बर्थ एनिवर्सरी: 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' से लेकर वर्ल्ड कप फाइनल तक, ये हैं दिग्गज स्पिनर के टॉप-5 यादगार स्पेल
शेन वॉर्न की जयंती पर उनके करियर के टॉप-5 यादगार स्पेल पर प्रकाश डाला गया है। इसमें 'बॉल ऑफ द ...और पढ़ें

शेन वॉर्न (फोटो: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिवंगत दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न ने अपनी कलाई का जादू पूरी दुनिया को दिखाया है। जब वे गेंदबाजी करने आते थे, तो मानो ऐसा लगता था कि उनके इशारे पर गेंद घूम रही हो। ऑस्ट्रेलिया जैसे सीमिंग कंडीशन में उन्होंने स्पिन का जादू दिखाया और खुद को दुनिया के सबसे महान स्पिनर के रूप में स्थापित किया।
वॉर्न ने टेस्ट में 708 और वनडे में 293 विकेट हासिल किए। 1992 में भारत के खिलाफ डेब्यू करने वाले वॉर्न 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हुए। वे श्रीलंका के पूर्व लेजेंड मुथैया मुरलीधरन के बाद क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उनका जन्म 13 सितंबर 1969 को विक्टोरिया में हुआ था, जबकि वॉर्न का निधन 4 मार्च 2022 को हार्ट अटैक की वजह से हुआ था। आइए उनके करियर के टॉप-5 स्पेल पर नजर डालते हैं।
5/33 बनाम वेस्टइंडीज (वनडे, 1996)
यह वॉर्न का वनडे में इकलौता पांच विकेट हॉल था। सिडनी में दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के टॉप ऑर्डर को हिला दिया था। उसके बाद वॉर्न ने निचले क्रम को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। उन्होंने रोलैंड होल्डर, निक्सन मैक्लीन, जूनियर मरे, केनी बेंजामिन और कर्टनी वॉल्श जैसे खिलाड़ियों को आउट किया। वेस्टइंडीज महज 161 रन पर ऑलआउट हो गई।
8/71 बनाम इंग्लैंड (एशेज टेस्ट, 1994)
1994 की एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में वॉर्न ने कमाल का प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर भी उन्होंने इंग्लिश बल्लेबाजों को घेर लिया। पहली पारी में तीन विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में उन्होंने 50.2 ओवर में 8 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया ने 184 रनों से मैच जीत लिया। इस स्पेल ने पूरे सीरीज का रुख तय कर दिया और वॉर्न ने अपनी कलाई का जादू एक बार फिर से दुनिया को दिखाया।
7/23 बनाम पाकिस्तान (टेस्ट, 1995)
ब्रिस्बेन में 1995 के पहले टेस्ट में वॉर्न का यह स्पेल बेहद खास रहा। ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव वॉ के शतक की मदद से 463 रन बनाए। उसके बाद वॉर्न ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को घुटने पर ला दिया। उन्होंने महज 23 रन देकर सात विकेट लिए। पाकिस्तान 97 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भी उन्होंने 4 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 126 रनों से जीत दर्ज की।
4/51 बनाम इंग्लैंड (एशेज टेस्ट, 1993)
यह स्पेल 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। मैनचेस्टर में एशेज के पहले टेस्ट में वॉर्न ने पहली बार एशेज खेला। माइक गैटिंग के खिलाफ उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर से गेंद घुमाई और लेग स्टंप उखाड़ दिया। गेंद करीब 120 डिग्री घूमी थी। इस पारी में उन्होंने 4/51 लिए और दूसरी पारी में भी 4 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया 179 रनों से जीता। यह गेंद क्रिकेट इतिहास की सबसे मशहूर गेंदों में शुमार है।
4/33 बनाम पाकिस्तान (विश्व कप फाइनल, 1999)
1999 विश्व कप फाइनल में लंदन में वॉर्न ने फिर कमाल किया। पाकिस्तान की टीम उनके सामने बेबस नजर आई। एजाज अहमद, शाहिद अफरीदी, मोइन खान और वसीम अकरम जैसे खिलाड़ी उनके शिकार बने। पाकिस्तान सिर्फ 132 रन पर ऑल आउट हो गई। वॉर्न ने नौ ओवर में 4/33 लिए। ऑस्ट्रेलिया ने महज 20.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर खिताब जीत लिया। सेमीफाइनल में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल का यह स्पेल खास रहा।
