विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सचिन तेंदुलकर के साथ डेब्यू करने वाले क्रिकेटर ने चोट के कारण लिया संन्यास, फिर एक्टिंग का किया रुख; बिग बॉस तक में आ चुका है नजर

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:19 PM (IST)

इस शख्स ने सचिन तेंदुलकर के साथ 1989 में डेब्यू किया था, लेकिन चोट के कारण क्रिकेट छोड़ एक्टिंग में ...और पढ़ें

सलिल अंकोला ने क्रिकेट और एक्टिंग में बनाया करियर

सलिल अंकोला ने क्रिकेट और एक्टिंग में बनाया करियर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। बाद में सचिन क्रिकेट की दुनिया के भगवान बने, लेकिन उसी मैच में डेब्यू करने वाला एक और भारतीय क्रिकेटर कुछ सालों बाद गुमनामी में खो गया। इस शख्स ने एक्टिंग भी की, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली तो शराब की लत ने उसे पकड़ लिया।

हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन'में आज कहानी उसी शख्स की जो टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप भी खेला, लेकिन फिर 28 साल की उम्र में संन्यास लेकर एक्टिंग की दुनिया में चला गया। सालों तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद इसने क्रिकेट में बतौर सेलेक्टर वापसी की। इस शख्स का नाम है सलिल अंकोला।

क्रिकेट में किया नाम

साल 1988 में अंकोला ने मुंबई के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया और पहले ही मैच में हैट्रिक ली। इसके एक साल बाद वह टीम इंडिया में आ गए और कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला और इकलौता टेस्ट मैच खेला। इसी मैच में सचिन ने डेब्यू किया था। अंकोला की कद-काठी शानदार थी और वह अपने तगड़े शरीर, शानदार फिटनेस के लिए जाने जाते थे। पहले टेस्ट मैच में वह सिर्फ दो ही विकेट ले सके। 1989 में दिसंबर में पाकिस्तान के खिलाफ ही उन्होंने वनडे डेब्यू किया।

हालांकि, वनडे में भी उनका सिक्का ज्यादा नहीं चला। वह लगातार टीम से अंदर बाहर होते रहते थे। कपिल देव, मनोज प्रभाकर, जवागल श्रीनाथ, वेंकटेश प्रसाद जब चोटिल होते तो अंकोला को मौका मिलता। भारत के लिए उन्होंने कुल 20 वने मैच खेले जिसमें से एक उन्होंने 1996 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 1997 में डरबन में अपना आखिरी मैच खेला।

एक्टिंग का किया रुख

इसके बाद अंकोला को एक्टिंग के ऑफर मिले तो वह उनमें चले गए। क्रिकबज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, "मेरे शरीर और अच्छे लुक के कारण मुझे एक्टिंग के ऑफर मिले। मुझे तो एक्टिंग के बारे में कुछ पता भी नहीं था।"

अंकोला ने कई टीवी सीरियलों और हिंदी फिल्मों में काम किया। उन्हें 2003 में 'विक्रम और गबराल' नाम के टीवी सीरियल से काफी पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने 'कुरुक्षेत्र', 'चुरा लिया है तुमने' जैसी फिल्मों में काम किया। 'सीआईडी', 'कोरा कागज' जैसे सीरियलों में भी वह नजर आए थे।

एक्टिंग में भी वह ज्यादा सफल नहीं हो सके और फिर 2006 में बिग बॉस के पहले सीजन में भी दिखाई दिए। हालांकि, करियर आगे नहीं बढ़ सका और हालात काफी खराब होने लगे। ऐसे में 2004 में शौक-शौक में शुरू किया शराब पीना लत का रूप ले चुका था। 2010 तक अंकोला को शराब की लत लग चुकी थी। इस दौरान वह बीमारियों से भी घिरे रहे और आईसीयू तक में पहुंचे। वह अपनी पहली पत्नी से अलग हो चुके थे और दूसरी पत्नी रिया उनकी जिंदगी में आ चुकी थीं। रिया ने अंकोला को इस लत से पीछा छुड़ाने में मदद की।

क्रिकेट में वापसी

फिर अंकोला अपने पहले प्यार की तरफ लौटे। वो था क्रिकेट। हालांकि, अब स्वरूप बदल चुका था। दिसंबर 2020 में वह मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के चीफ सेलेक्टर बने और बाद में वह बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमेटी का भी हिस्सा रहे। क्रिकेट से उनका जुड़ाव अभी भी है। हाल ही में अजीत अगरकर का बतौर चीफ सेलेक्टर कार्यकाल खत्म होने के बाद अंकोला का नाम दोबारा सेलेक्शन कमेटी के लिए चर्चा में आया था, लेकिन वह बने नहीं।

यह भी पढ़ें- बनना चाहता था क्रिकेटर बन गया रग्बी प्लेयर, टीम इंडिया का रहा कप्तान; फिल्मों में भी कमाया नाम

यह भी पढ़ें- पिता ने फिरकी पर दुनिया को घुमाया, लेकिन बेटा नहीं कर सका कमाल; इस बीमारी ने खत्म कर दिया क्रिकेट करियर