विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वो विश्व विजेता क्रिकेटर जिसका करियर फिक्सिंग के आरोपों ने किया बर्बाद, फिर एक्टिंग में आजमाया हाथ, विवादों से है पुराना नाता

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:09 PM (IST)

2007 और 2011 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहा यह खिलाड़ी फिक्सिंग विवाद के कारण बर्बाद हो गया। क्रिकेट ...और पढ़ें

फिक्सिंग के आरोपों में फंसा था यह क्रिकेटर

फिक्सिंग के आरोपों में फंसा था यह क्रिकेटर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में अगर कभी विवादित खिलाड़ियों की लिस्ट बनेगी तो उसमें 2011 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के एक खिलाड़ी का नाम जरूर होगा। इस खिलाड़ी का करियर विवादों से ही घिरा रहा जो आज तक याद किए जाते हैं। अब उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन विवादों ने पीछा नहीं छोड़ा है। क्रिकेट में अच्छा खासा करियर बर्बाद होने के बाद वह एक्टिंग की दुनिया में भी गए, लेकिन ज्यादा सफल नहीं हो सके।

हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन' में आज हम उसी दो बार के विश्व विजेता क्रिकेटर के बारे में बताएंगे जो अपने क्रिकेटिंग करियर के पीक पर था और फिर कुछ ऐसा हुआ जिसने सब कुछ बर्बाद कर दिया। इस खिलाड़ी का नाम है एस. श्रीसंत। श्रीसंत के बारे में बहुत ही कम लोग जानते हैं कि वह साउथ की फिल्मों और बॉलीवुड में भी काम कर चुके हैं।

गेंदबाजी थी शानदार

श्रीसंत का पहला प्यार तो क्रिकेट ही था और वह क्रिकेटर बनने का सपना बचपन से पाले थे। उनका यह सपना 25 अक्टूबर 2005 को नागपुर में तब पूरा हो गया था जब वह राहुल द्रविड़ की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे। यह वनडे मैच था और श्रीसंत ने दो विकेट लेकर अपनी प्रतिभा दिखा दी थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जब भारत ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता तो श्रीसंत इस टीम का हिस्सा भी थे और जीत के अहम किरदार रहे थे। चार साल बाद जब भारत ने धोनी की कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जीता था तो श्रीसंत उस टीम का हिस्सा भी थे।

आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में आया नाम

श्रीसंत अपनी स्विंग और सीम गेंदबाजी से दुनिया भर में छा रहे थे। वह अपने करियर में अच्छा कर रहे थे, लेकिन तभी कुछ ऐसा हो गया था कि उनका करियर बर्बाद हो गया। आईपीएल-2013 स्पॉट फिक्सिंग में उनका नाम आया। श्रीसंत पर आरोप लगे की राजस्थान रॉयल्स से खेलते हुए उन्होंने फिक्सिंग की है। इस मामले में उनके साथ राजस्थान के ही अजित चंडिला, अंकित चव्‍हाण भी फंसे थे। सालों तक इन तीनों पर केस चला था और बाद में वह बरी हो गए थे, लेकिन श्रीसंत टीम इंडिया में वापसी नहीं कर सके।

फिल्मों में आजमाया हाथ

श्रीसंत जब फिक्सिंग के केस से जूझ रहे थे इस दौरान उनका क्रिकेट खेलना बैन था और इसलिए उन्होंने दूसरे करियर विकल्पों के बारे में विचार किया जिसमें एक्टिंग एक था। साउथ की कई फिल्मों में वह नजर आए। 2017 में वह बॉलीवुड फिल्म 'अक्सर 2' में नजर आए। इसी साल 'टीम 5' नाम की मलयालम फिल्म अखिल में भी उन्होंने एक्टिंग की। 2019 में वह हिंदी फिल्म कैबरे में भी नजर आए। इसी साल केम्पा गौड़ा-2 नाम की कन्नड़ फिल्म में उन्होंने देशमुख का किरदार निभाया। 2022 में वह काथुवाकुला रेंडू काढाई नाम की तमिल फिल्म में भी वह दिखे।

श्रीसंत को डांस का भी शौक था और वह अपने डांस के कारण चर्चा में भी रहे। 'झलक दिखला जा' नाम के डांस रियलिटी शो में वह नजर आए थे। वह 2018 में एक और मशहूर रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी वह नजर आए थे। श्रीसंत अभी भी काफी कुछ कर रहे हैं, लेकिन विवाद उनके साथ चलते रहे। वह बीच-बीच में कई बार ऐसे बयान दे देते हैं कि हल्ला मच जाता है।

यह भी पढ़ें- बनना चाहता था क्रिकेटर बन गया रग्बी प्लेयर, टीम इंडिया का रहा कप्तान; फिल्मों में भी कमाया नाम

यह भी पढ़ें- पिता ने फिरकी पर दुनिया को घुमाया, लेकिन बेटा नहीं कर सका कमाल; इस बीमारी ने खत्म कर दिया क्रिकेट करियर